नशा माफिया नाजिम के घर पर चलेगा बुल्डोजर: महापौर – नगर निगम ने नशा तस्कर के घर पर थमाया नोटिस

Spread the love

नशा माफिया नाजिम के घर पर चलेगा बुल्डोजर: महापौर
– नगर निगम ने नशा तस्कर के घर पर थमाया नोटिस

रुद्रपुर। पिछले दिनों पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और मुठभेड़ के बाद सलाखों के पीछे पहुंचे नशा माफिया नाजिम के घर को ढहाने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। महापौर विकास शर्मा के निर्देशों के बाद निगम की टीम ने आरोपी के घर पर नोटिस थमा दिया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में जल्द ही वहां बुल्डोजर की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जानकारी देते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल मार्गदर्शन में उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है और नगर निगम इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नशा माफिया न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि वे युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधकार में धकेल कर समाज के माथे पर कलंक के समान हैं। नाजिम जैसा अपराधी जो लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था और उसने वर्दीधारी पुलिसकर्मियों पर हमला करने का दुस्साहस भी किया, उनके लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। नगर निगम इससे पूर्व भी कई नशा माफियाओं के अवैध ठिकानों को जमींदोज कर चुका है और यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

महापौर ने कहा कि नगर निगम ने नाजिम के परिजनों को नोटिस देकर 15 दिन का समय देते हुए घर के स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी पक्ष घर की रजिस्ट्री या अन्य पक्के कागजात दिखाने में विफल रहता है, तो नगर निगम पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगा।

महापौर ने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में वर्तमान में धाकड़ धामी की सरकार कार्य कर रही है, जहाँ अपराधियों और नशा माफियाओं के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित और युवाओं के सुरक्षित भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नगर निगम और स्थानीय प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि रुद्रपुर की धरती से नशा माफियाओं का पूरी तरह सफाया हो सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *