तीनपानी डैम पुनर्निर्माण को बजट जारी, महापौर विकास शर्मा का जोरदार अभिनंदन

Spread the love

तीनपानी डैम पुनर्निर्माण हेतु बजट जारी होने पर महापौर का जोरदार अभिनंदन

नया पुल और चौड़ी सड़क बनेगी, बरसाती जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर स्वीकृति, क्षेत्रीय विकास को मिली गति

वर्षों पुरानी जलभराव समस्या दूर होगी, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ

रुद्रपुर। फुलसूंगा वार्ड-1 स्थित तीनपानी डैम के पुनर्निर्माण के लिए शासन द्वारा बजट जारी किए जाने पर क्षेत्रवासियों ने पार्षद पवन राणा के नेतृत्व में महापौर विकास शर्मा का जोरदार अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का भी वार्डवासियों ने स्वागत किया।

ज्ञात हो कि फुलसूंगा क्षेत्र स्थित तीनपानी डैम में जल निकासी व्यवस्था सुचारु न होने के कारण बरसात के दौरान पानी ओवरफ्लो होकर आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न कर देता था। इससे स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था तथा आवागमन भी बाधित होता था। सितंबर माह में महापौर विकास शर्मा ने खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर समस्या को प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बाद शासन ने राज्य सेक्टर पोषित बांध-बैराज निर्माण एवं आधुनिकीकरण मद से ₹1 करोड़ 74 लाख 81 हजार की धनराशि स्वीकृत कर दी है। प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ 4 लाख 89 हजार की राशि सिंचाई विभाग को जारी की जा चुकी है।

गुरुवार को आयोजित अभिनंदन समारोह में सैकड़ों वार्डवासियों ने महापौर को फूल-मालाओं से लादकर सम्मानित किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री का रुद्रपुर से विशेष लगाव है, जिसके कारण शहर विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि डैम पुनर्निर्माण के अंतर्गत नया पुल बनाया जाएगा तथा जल निकासी के लिए नए गेट लगाए जाएंगे, जिससे निकासी क्षमता तीन गुना बढ़ जाएगी। साथ ही पुल से जुड़ा मार्ग लगभग साढ़े सात मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान और आवागमन सुगम होगा। उन्होंने यह भी बताया कि गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को भी स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि तीनपानी डैम का पुनर्निर्माण जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी और आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। उन्होंने बताया कि फुलसूंगा, फुलसुंगी एवं शिमला बहादुर क्षेत्र के लोग वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे थे।

भाजपा नेता सुरेश कोली ने कहा कि महापौर विकास शर्मा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। पार्षद पवन राणा ने कहा कि डैम पुनर्निर्माण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार, पुल निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण से जलभराव की समस्या दूर होने के साथ आवागमन भी सुगम बनेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, छात्र नेता चंदन भट्ट, रोहित भट्ट, सुरेश गौरी, पूर्व पार्षद राम सिंह बिष्ट, कार्यालय मंत्री सुनील यादव, अखिलेश सिंह, हरिओम गंगवार, अनिल शर्मा, आर्यन शर्मा सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *