भाजपा पार्षद ने की युवक की गोली मारकर हत्या
Haldwani News: हल्द्वानी में भाजपा के एक पार्षद की खुलेआम दबंगई सामने आई है। वार्ड पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने अपने घर के बाहर एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक नितिन, निवासी जज फार्म, की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रामपुर रोड क्षेत्र की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या का कारण कुछ दिन पूर्व हुई आपसी लड़ाई बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्षद अमित बिष्ट का विवादों से पुराना नाता रहा है। पूर्व में भी उस पर मारपीट और झगड़ों के कई आरोप लग चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इसी पार्षद से जुड़े एक विवाद के मामले में पहले कोतवाली के बाहर विधायक बंशीधर भगत धरने पर भी बैठ चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है






