हल्द्वानी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तमंचे व प्रतिबंधित कारतूस के साथ बुजुर्ग गिरफ्तार

Spread the love

 

बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण से पहले सुरक्षा कड़ी, घर से हथियारों का जखीरा मिला

संवेदनशील माहौल के बीच पुलिस सतर्क, छापेमारी में अवैध हथियार मिलने से हड़कंप

परिवार को धमकाने के आरोपित के घर से तमंचे व जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में गिरफ्तारी

हल्द्वानी, 17 फरवरी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण पर 24 फरवरी को Supreme Court of India में प्रस्तावित सुनवाई से ठीक पहले पुलिस ने क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो तमंचों और प्रतिबंधित AK-47 में प्रयुक्त होने वाले कारतूस सहित अन्य जिंदा कारतूस बरामद कर एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार थाना बनभूलपुरा टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक घर में छापा मारा। तलाशी के दौरान आरोपित मोबिन खान के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस, 12 बोर का एक तमंचा व चार कारतूस, 7.62 एमएम का एक कारतूस (AK-47 में प्रयुक्त) तथा 7.65 एमएम के 10 कारतूस बरामद किए गए।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपित लंबे समय से हथियार दिखाकर परिवार के सदस्यों को डराता-धमकाता था। तलाशी के दौरान हथियार घर की अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे मिले।

पुलिस ने आरोपित को धारा 3/25 तथा 7/25(1क) Arms Act के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपित पूर्व में पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है और इसी कारण उसे नैनीताल के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक पद से बर्खास्त किया गया था।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार व्यक्ति की मानसिक स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही है। छापेमारी के दौरान उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास भी किया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित कारतूस कहां से प्राप्त किया गया और उसका उद्देश्य क्या था।

सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई को देखते हुए मामले को संवेदनशील मानते हुए पुलिस क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *