रुद्रपुर में 10 करोड़ की नकली एनसीईआरटी किताबें बरामद, बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
‘NCERT’ की जगह ‘ACERT’ छापकर करोड़ों का खेल उजागर
रुद्रपुर में शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़, करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश
शिक्षा में भ्रष्टाचार पर अजय गणपति का वार, करोड़ों की नकली किताबें जब्त
अजय गणपति के नेतृत्व में शिक्षा माफिया पर प्रहार, लाखों फर्जी किताबें पकड़ी गईं
रुद्रपुर। उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर नकल माफिया और शिक्षा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के नेतृत्व में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने करीब 9 से 10 करोड़ रुपये मूल्य की नकली एनसीईआरटी किताबों का विशाल जखीरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर आनंदम रिजॉर्ट के पास एक कैंटर (नंबर यूपी37BT0562) को रोका गया। जांच के दौरान वाहन चालक किताबें मेरठ ले जाने की बात कह रहा था, लेकिन उसके पास ई-वे बिल नहीं मिला और बिलों में भी गड़बड़ी पाई गई। संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में एनसीईआरटी की किताबें बरामद हुईं।
पूछताछ में चालक द्वारा कीरतपुर कोलड़ा स्थित एक गोदाम की जानकारी दी गई। पुलिस ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गोदाम का निरीक्षण किया, जहां करीब 9.74 लाख नकली किताबों का भंडारण पाया गया। जांच में सामने आया कि गोदाम राजेश कुमार जैन का है, जिसे संदीप नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था।
एनसीईआरटी की टीम द्वारा जांच में पाया गया कि किताबों की छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन मानकों के अनुरूप नहीं हैं। साथ ही किताबों में एनसीईआरटी के लोगो से छेड़छाड़ कर ‘NCERT’ की जगह ‘ACERT’ अंकित किया गया था और अधिकांश पुस्तकों में असली वाटरमार्क भी नहीं था। इस तरह आम लोगों को धोखा देकर नकली किताबों का मुद्रण, भंडारण और वितरण किया जा रहा था।
इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 132/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बरामदगी का विवरण:
कैंटर में 244 बॉक्स में 14,640 पुस्तकें
खुली अवस्था में 10,225 पुस्तकें
गोदाम में 9,49,220 पुस्तकें
कुल बरामद पुस्तकें: 9,74,085
कार्रवाई में एसएचओ मनोज रतूड़ी के नेतृत्व में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका







