*_पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : टीएमसी ने जारी की सूची, नंदीग्राम से चुनाव नहीं लड़ेंगी ममता बनर्जी_*
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल ने मंगलवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव नहीं लड़ेंगी. वह भवानीपुर से चुनाव लडेंगी. उनके खिलाफ भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है. अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ेंगे.
टीएमसी ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची घोषित कर दी है. ममता बनर्जी भवानीपुर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी. पार्टी ने 291 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की.
चंद्रिमा भट्टाचार्य को दमदम उत्तर सीट से, मदन मित्रा को कमरहाटी सीट से, फिरहाद हकीम को कोलकाता पोर्ट सीट से, कुणाल घोष को बेलेघाटा सीट से, डॉ. शशि पांजा को श्यामपुकुर सीट से मैदान में उतारा गया है.
तृणमूल प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की है कि पार्टी राज्य की 294 सीट में से 291 सीट पर चुनाव लड़ेगी. कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन में बनर्जी ने कहा कि दार्जिलिंग पहाड़ियों की शेष तीन सीट पर अनित थापा के नेतृत्व वाला भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) चुनाव लड़ेगा.
बनर्जी ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी के साथ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए कहा “हम 294 सीट में से 291 सीट पर चुनाव लड़ेंगे. शेष तीन सीट पर हमारे सहयोगी, अनित थापा के नेतृत्व वाला बीजीपीएम दार्जिलिंग पहाड़ियों में चुनाव लड़ेगा.”
ममता बनर्जी ने विश्वास जताया कि टीएमसी 2026 के विधानसभा चुनावों में आसानी से बहुमत हासिल करने के साथ सत्ता बरकरार रखेगी. उन्होंने दावा किया, “हम 2026 के विधानसभा चुनावों में 226 से अधिक सीट जीतेंगे.”
मुख्यमंत्री ने उन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी आश्वस्त करने की कोशिश की, जिन्हें उम्मीदवारों की सूची में जगह नहीं मिल पाई है. बनर्जी ने कहा कि ऐसे नेताओं को संगठन में समायोजित किया जाएगा.
विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी की सीट में गिरावट आएगी. उन्होंने कहा, “इस चुनाव में भाजपा की सीट में कमी आएगी। उन्हें उनकी जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा.”
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में टीएमसी के 291 उम्मीदवारों में से 52 महिलाएं, 95 अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति और 47 अल्पसंख्यक हैं. पश्चिम बंगाल की सभी 294 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में होगा – 23 और 29 अप्रैल को – जिनमें क्रमशः 152 और 142 सीटों पर मतदान होगा. वोटों की गिनती 4 मई को होगी.







