*_गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड: फरार 3 शूटरों समेत 06 आरोपियों पर ₹50 हजार का इनाम घोषित, पोस्टर जारी_*
देहरादून: गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे तीन शूटर समेत 06 आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया है. सभी के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में नामजद मुकदमा दर्ज है. साथ ही दून पुलिस ने सभी 06 आरोपियों के फोटो ओर डिटेल के साथ मोस्ट वांटेड वांछित इनामी अपराधी का पोस्टर जारी किया है.
गैंगस्टर विक्रम शर्मा के हत्यारों की पोस्टर जारी: दून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि बदमाशों के बारे में कोई सूचना है, तो सिटी कंट्रोल रूम देहरादून के नंबर 9411112972 पर संपर्क कर सकते हैं. सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा. एसएसपी की ओर से पहले इनामी राशि 25-25 हजार रुपये घोषित की गई थी. हत्याकांड के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी बदमाश फरार हैं. ऐसे में बदमाशों पर इनामी राशि बढ़ाई गई है.
13 फरवरी को देहरादून में हुई थी गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या: बता दें कि 13 फरवरी को देहरादून कोतवाली डालनवाला क्षेत्र के पॉश इलाके राजपुर रोड में सिल्वर सिटी मॉल के अंदर झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.विक्रम सुबह जिम करके बाहर निकल रहा था, तभी सीढ़ियों के पास पहले से घात लगाए तीन शूटरों ने उसके सिर से पिस्टल सटाकर गोली मार दी थी. उसके बाद शूटर फरार हो गए थे.
झारखंड में रची गई थी गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या का साजिश: मामले में शूटरों की मदद करने वाले दो बदमाशों अक्षत ठाकुर और राजकुमार को उत्तराखंड पुलिस ओर एसटीएफ की संयुक्त टीम गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या की साजिश करीब 6 महीने पहले जमशेदपुर जेल के भीतर रची गई थी.
योजना के तहत शूटर देहरादून पहुंचे थे और यहां उन्हें ठहरने, लोकेशन तय करने, वाहन उपलब्ध कराने और भुगतान करने तक पूरी मदद स्थानीय नेटवर्क ने की. इसी कारण वारदात के तुरंत बाद सभी शूटर फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपी अक्षय ठाकुर निवासी जमशेदपुर और राजकुमार निवासी जमशेदपुर को लॉजिस्टिक मदद दी थी.
फरार 06 आरोपी
आकाश कुमार प्रसाद उर्फ अरुण कुमार प्रसाद (22 वर्ष), निवासी बागबेड़ा, जमशेदपुर, जिला पूर्वी सिंहभूम, झारखंड
जितेंद्र कुमार साह उर्फ साहू, निवासी उलिडीह टैंक रोड, मानगो, जमशेदपुर, झारखंड
यशराज पुत्र राजकुमार सिंह (24 वर्ष), निवासी गाराबासा, थाना बागबेड़ा, जमशेदपुर, झारखंड
अंकित कुमार वर्मा उर्फ अंकित वर्मा (31 वर्ष), निवासी थाना रोड, टेल्को, लोहरदगा, झारखंड
आशुतोष सिंह (24 वर्ष),निवासी जुगसलाई, जमशेदपुर, झारखंड
विशाल सिंह (28 वर्ष), निवासी गाराबासा, बागबेड़ा, जमशेदपुर, झारखंड
उत्तराखंड पुलिस हत्या आरोपियों को ढूंढ रही है: देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि-झारखंड से दो लोगों को गिरफ्तार किया है. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें झारखंड समेत उनके संभावित ठिकानों में दबिश दे रही हैं. सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद भी ली जा रही है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी इन वांछित अपराधियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल कोतवाली डालनवाला से संपर्क करें.
-प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, देहरादून-
और बढ़ाई जा सकती हैं हत्यारों पर इनामी राशि: डोबाल ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा. आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. जल्द इनकी गिरफ्तारी नहीं होती तो इन पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपए की जाएगी और इस संबंध में फाइल तैयार की जा रही है.







