*_’तिरुपति के लड्डू में मिलाई गई थी जानवरों की चर्बी’: पवन कल्याण का बड़ा दावा_*

Spread the love

*_’तिरुपति के लड्डू में मिलाई गई थी जानवरों की चर्बी’: पवन कल्याण का बड़ा दावा_*

अमरावती (आंध्र प्रदेश): तिरुमला वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर का लड्डू प्रसादम विवाद एक बार फिर गर्मा गया है. विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी रिपोर्ट में साफ कर दिया है कि पिछली YSRCP सरकार के दौरान प्रसादम बनाने में इस्तेमाल हुआ घी शुद्ध नहीं था और उसमें रसायनों व पाम ऑयल की मिलावट की गई थी.

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने इस मामले में एक सनसनीखेज एंगल जोड़ते हुए दावा किया है कि लड्डू बनाने में जानवरों की चर्बी का ही इस्तेमाल किया गया था. गुंटूर जिले के मंगलगिरी में सोमवार को आयोजित जनसेना की ‘जनरल बॉडी’ बैठक में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि SIT ने केवल इसलिए इस कड़वे सच का पूरी तरह खुलासा नहीं किया, ताकि करोड़ों भक्तों की धार्मिक भावनाओं को और अधिक गहरी चोट न पहुंचे.

पवन कल्याण ने स्पष्ट किया कि प्रसादम की पवित्रता के साथ बड़ा खिलवाड़ हुआ है और सच्चाई को जनता तक पहुंचाना जरूरी है ताकि विपक्षी नेताओं के ‘गोएबल्स’ शैली वाले दुष्प्रचार को रोका जा सके. उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि भक्तों की आस्था की रक्षा के लिए ही SIT ने चर्बी वाली बात को सार्वजनिक करने में संकोच दिखाया है.

पार्टी की बैठक में पवन कल्याण ने कहा- “पैसे की लालच में YSRCP नेताओं ने तिरुमाला में अपवित्रता का अपराध किया है. उन्होंने मनमाने ढंग से नियम बदले और भारी मात्रा में मिलावटी घी खरीदा, जिसे प्रसादम में मिलाया गया. जब अच्छी गुणवत्ता वाले तिल के तेल की कीमत ही 400 रुपये प्रति किलो है, तो उन्हें उस भाव में घी कहां से मिलता? सत्ता में रहते हुए मनमानी करने के बाद अब वे झूठ बोल रहे हैं. वे झूठ और टाल-मटोल के जरिए बचने की कोशिश कर रहे हैं. हमें वाईएसआरसीपी के इन अपराधों को मजबूती से जनता के बीच ले जाना चाहिए.”

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा- “YSRCP नेताओं के प्रति हमारी कोई व्यक्तिगत नफरत या दुश्मनी नहीं है. समस्या उनकी भाषा और उनके अपराधी स्वभाव से है. YSRCP नेता जनता के बीच डर का माहौल बना रहे हैं. वे लोगों को यह कहकर डरा रहे हैं कि अगर वे दोबारा सत्ता में आए तो क्या करेंगे. अतीत में उनके इसी व्यवहार के कारण वे 151 सीटों से गिरकर 11 सीटों पर आ गए. राज्य में विकास तभी संभव है जब सरकार स्थिर हो. गठबंधन की सत्ता अगले 15 वर्षों तक सुरक्षित है. जनता बहुत सोच-समझकर अपना फैसला करेगी.”

ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति नहीं होते!

 

पवन कल्याण ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर चर्चा की. उन्होंने कहा- “सोशल मीडिया कोई ऐसा हथियार नहीं है जो जीत या हार तय करता हो. यह जीत में योगदान देने वाला केवल एक कारक है. अगर सिर्फ सोशल मीडिया ही जीत तय करता, तो ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति नहीं बन पाते, क्योंकि उनसे ज्यादा ट्रोलिंग का सामना किसी और ने नहीं किया. हम खुद अपनी पार्टी के बारे में नकारात्मक खबरों को वायरल कर रहे हैं, जिससे केवल विपक्ष मजबूत हो रहा है. हमें इस नजरिए को बदलने की जरूरत है.”

पवन कल्याण की पार्टी का स्थापना दिवस

पवन कल्याण की पार्टी जन सेना (JSP) का स्थापना दिवस हर साल 14 मार्च को मनाया जाता है. अभिनेता-राजनेता पवन कल्याण ने 14 मार्च 2014 को इस पार्टी की स्थापना की थी. इस मौके पर ‘जनसेना दिवस’ के लिए विशेष योजनाएं बनाने की तैयारी है.

पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने के लिए 32 सदस्यों वाली एक अनुशासन समिति बनाने की घोषणा की. इस समिति में एक-तिहाई सदस्यों को रोटेशन के आधार पर बदला जाएगा. पवन कल्याण ने कहा कि पार्टी की समितियों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाएगा.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *