*_तेजस्वी यादव के साथ आए ओवैसी! राज्यसभा चुनाव में RJD को समर्थन देंगे AIMIM के पांचों विधायक_*

Spread the love

*_तेजस्वी यादव के साथ आए ओवैसी! राज्यसभा चुनाव में RJD को समर्थन देंगे AIMIM के पांचों विधायक_*
पटना: बिहार में 5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर तेजी से समीकरण बदल रहे हैं. 5वीं सीट पर जीत के लिए एनडीए और महागठबंधन ‘जादुई आंकड़े’ को जुटाने में लगे हैं. इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल के लिए राहत की बात है कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने उनके प्रत्याशी एडी सिंह को सपोर्ट करने का फैसला किया है.
अख्तरूल ईमान की इफ्तार में तेजस्वी शामिल: दरअसल, सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव की वोटिंग से एक दिन पहले एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने अपने आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था. जिसमें नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी शरीक हुए. दोनों नेताओं के बीच समर्थन को लेकर काफी देर बातचीत चली और उसके बाद ओवैसी की पार्टी ने आरजेडी कैंडिडेट को सपोर्ट करने का ऐलान कर दिया.
क्या बोले तेजस्वी?: आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि विधायक और एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने उनको इफ्तार पार्टी के लिए निमंत्रण दिया था, उसी में शामिल होने आए हैं. वहीं राज्यसभा चुनाव में समर्थन के सवाल पर कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि बीजेपी को हराने के लिए हमारे कैंडिडेट एडी सिंह को जरूर एआईएमआईएम के सभी पांचों विधायक समर्थन करेंगे.
“अख्तरुल ईमान ने हमें इफ्तार के लिए बुलाया था और हम आज इफ्तार के लिए यहां आए हैं. हमने एआईएमआईएम से सपोर्ट मांगा है. मुझे पूरा भरोसा है कि कल के राज्यसभा चुनाव में सभी सेक्युलर पार्टियां बीजेपी को हराने के लिए एक साथ आएंगी.”- तेजस्वी यादव, कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय जनता दल

आरजेडी कैंडिडेट को एआईएमआईएम का सपोर्ट: वहीं, एआईएमआईएम ने राज्यसभा चुनाव में आरजेडी प्रत्याशी अमरेंद्र धारी सिंह का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है. प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि 16 मार्च को होने वाले चुनाव में हमारे सभी पांचों विधायक महागठबंधन के पक्ष में मतदान करेंगे. उन्होंने कहा कि अन्य दलों के कुछ विधायकों का भी समर्थन मिलने की उम्मीद है.
“हमारे 5 विधायक कल के राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी को समर्थन देंगे. हमारी सभी विधायकों से बातचीत हुई है और कई लोगों ने सकारात्मक संकेत दिए हैं. उनकी पार्टी के सभी विधायक एकजुट होकर अमरेंद्र धारी सिंह के समर्थन में वोट करेंगे. कहीं कोई दिक्कत नहीं है.”- अख्तरुल ईमान, विधायक सह प्रदेश अध्यक्ष, एआईएमआईएम
एआईएमआईएम के 5 विधायक निर्णायक: एआईएमआईएम के 5 विधायक हैं, जो इस राज्यसभा चुनाव में बेहद निर्णायक होने वाले हैं. 5वीं सीट पर जीत के लिए न तो एनडीए के पास जरूरी वोट है और न ही महागठबंधन के पास. एनडीए को तीन वोट की दरकार है, जबकि महागठबंधन को 6 वोट की जरूरत है. ऐसे में एआईएमआईएम के 5 विधायकों के सपोर्ट के बाद अब आरजेडी कैंडिडेट एडी सिंह के समर्थन में 40 विधायक हो गए. बीएसपी के एक विधायक अगर साथ आते हैं तो जीत सुनिश्चित है.
क्या है राज्यसभा चुनाव का गणित?: एक राज्यसभा सीट पर जीत के लिए 41 वोट की जरूरत है. 202 विधायक वाले एनडीए के लिए 4 सीट पर जीत तय है लेकिन असल खेल 5वीं सीट के लिए होना है. 5वीं सीट के लिए एनडीए के पास 38 वोट हैं, जबकि आरजेडी और महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं. इस तरह एआईएमआईएम के 5 और बीएसपी के एक विधायक का समर्थन अहम हो जाएगा. एआईएमआईएम के समर्थन से आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह की जीत आसान हो सकती है, बशर्ते कि महागठबंधन के विधायक एनडीए के समर्थन में क्रॉस वोटिंग न करें.

5 सीट के लिए 6 उम्मीदवार: राज्यसभा की 5 सीट के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में हैं. एनडीए की तरफ से बीजेपी के नितिन नबीन और शिवेश कुमार राम, जेडीयू से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर के अलावे आरएलएम से उपेंद्र कुशवाहा कैंडिडेट हैं. इनमें से शिवेश राम पांचवीं सीट के कैंडिडेट बताए जा रहे हैं, जिनका सामना आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह से है. सोमवार को वोटिंग होगी और शाम तक नतीजे भी घोषित हो जाएंगे.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *