*_पाकिस्तान से संचालित अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह का कुख्यात तस्कर गिरफ्तार, 1290 किलो कोकीन मामले में था वांटेड_*

Spread the love

*_पाकिस्तान से संचालित अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह का कुख्यात तस्कर गिरफ्तार, 1290 किलो कोकीन मामले में था वांटेड_*

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में स्पेशल सेल के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है. पुलिस ने पाकिस्तान से संचालित अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह के कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान तिलक प्रसाद शर्मा उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है जो सिक्किम का निवासी है.ये तस्कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल के लिए कुरियर की भूमिका निभा रहा था. आरोपी के खिलाफ स्पेशल सेल थाने में दर्ज मामले में 1290 किलो कोकीन, मेफेड्रोन और 40 किलो थाई मारिजुआना की बरामदगी से जुड़े गंभीर आरोप हैं.

 

मामले में अबतक 17 आरोपी हो चुके है गिरफ्तार

 

डीसीपी अमित कौशिक के अनुसार यह अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह पाकिस्तान से संचालित हो रहा था. जिसके तार ब्रिटेन, मलेशिया, थाईलैंड, यूएई और भारत समेत कई देशों से जुड़े हुए हैं. इस मामले में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई विदेशी हैंडलर और सप्लायर अभी भी फरार हैं. स्पेशल सेल लगातार इस नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है.

 

जांच में सामने आया है कि आरोपी तिलक प्रसाद शर्मा थाईलैंड से भारत तक सूटकेस के जरिए थाई मारिजुआना की तस्करी करता था. दिल्ली पहुंचने के बाद वह मादक पदार्थ को तुषार गोयल के सहयोगी हिमांशु को सौंपता था. बाद में महिपालपुर स्थित एक गोदाम से थाई मारिजुआना से भरे सूटकेस बरामद किए गए थे, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ.

 

डीसीपी ने बताया कि अक्टूबर 2024 में जब दिल्ली में गिरोह के प्रमुख सदस्यों की गिरफ्तारी हुई, तो पाकिस्तान स्थित हैंडलरों ने आरोपी को अपना यात्रा मार्ग बदलने के निर्देश दिए. इसके तहत उसे थाईलैंड से श्रीलंका और फिर नेपाल होते हुए भारत आने को कहा गया, ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके. इसी दौरान नेपाल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने उसे थाई मारिजुआना के साथ गिरफ्तार किया था. बाद में नेपाल में अशांति के दौरान आरोपी जेल से फरार हो गया और अवैध रूप से भारत लौट आया.

 

भारत आने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर छिपता रहा और अपनी पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश करता रहा. आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद स्पेशल सेल की एक विशेष टीम को सिक्किम भेजा गया. स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को नामची ईस्ट इलाके से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया.

 

डीसीपी अमित कौशिक ने बताया कि आरोपी पहले सिक्किम में एक फार्मा कंपनी में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम करता था. बाद में बेहतर कमाई की तलाश में दुबई गया, जहां वह पाकिस्तान से संचालित अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के संपर्क में आया और नशा तस्करी में शामिल हो गया. फिलहाल, आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और पाकिस्तान स्थित हैंडलरों सहित गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *