*_ज्योतिबा फुले के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर एमपी में मुकदमा, हरिद्वार से जुड़े हैं तार, दर्ज हुई FIR_*
हरिद्वार: महात्मा ज्योतिबा फुले के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है. मध्य प्रदेश के शीतला पाड़ा के श्योपुर थाने में एक व्यक्ति ने संत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. पोस्ट के तार हरिद्वार से जुड़े हैं, इसलिए सोशल मीडिया पर महात्मा ज्योतिबा फुले के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के इस मामले में मध्य प्रदेश से ट्रांसफर होकर आई जीरो एफआईआर पर हरिद्वार के नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
महापुरुष के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट: पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश के वार्ड नंबर 18, शीतला पाड़ा, श्योपुर निवासी मुकेश सुमन ने मध्य प्रदेश के ही श्योपुर थाने में दी शिकायत में बताया कि वह राष्ट्रीय फूले ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बीती 28 नवंबर 2025 को फेसबुक पर स्वामी आनंद स्वरूप नाम की एक आईडी से महात्मा ज्योतिबा फुले के खिलाफ अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी की गई.
संबंधित फेसबुक पोस्ट में फुले के खिलाफ आपत्तिजनक एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया. ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करके धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया. साथ ही आरोप लगाया कि यह पोस्ट समाज में जातीय वैमनस्य और धार्मिक शत्रुता फैलाने की मंशा से की गई, जिससे एक बड़े वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं.
मध्य प्रदेश से उत्तराखंड ट्रांसफर हुई एफआईआर: मुकेश सुमन ने बताया कि फेसबुक आईडी धारक का आश्रम हरिद्वार में है. श्योपुर की पुलिस ने घटना से संबंधित स्थान हरिद्वार का होने के चलते जीरो एफआईआर दर्ज कर हरिद्वार ट्रांसफर कर दिया. प्राथमिक जांच में सामने आया कि संबंधित फेसबुक आईडी संचालक का आश्रम हरिद्वार क्षेत्र में स्थित है. इसलिए घटना से संबंधित स्थान हरिद्वार पाए जाने पर श्योपुर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला हरिद्वार स्थानांतरित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच: नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि-मध्य प्रदेश से एफआईआर ट्रांसफर होकर हरिद्वार आई है. नगर कोतवाली में जीरो एफआईआर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
-रितेश शाह, नगर कोतवाली प्रभारी, हरिद्वार-
कौन थे ज्योतिबा फुले?
ज्योतिबा फुले एक महापुरुष थे. ज्योतिबा फुले का असली नाम ज्योतिराव फुले था. उनके सामाजिक कार्यों के कारण लोग उन्हें ज्योतिबा नाम से पुकारते थे. उनका जन्म 11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र में हुआ. ज्योतिबा फुले ने समाज सुधार और छुआछूत खत्म करने के लिए काम किया. उन्होंने महिलाओं को शिक्षित करने का अभियान भी चलाया.







