*_’आपका समय है, हमारा दौर आएगा’, तेजस्वी का नीतीश सरकार पर हमला- हर मापदंड पर बिहार फिसड्डी_*

Spread the love

*_’आपका समय है, हमारा दौर आएगा’, तेजस्वी का नीतीश सरकार पर हमला- हर मापदंड पर बिहार फिसड्डी_*

पटना: आज बिहार विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन है. राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकारी की नाकामी गिनाते हुए आगाह किया कि गलती करेंगे तो हमलोग छोड़ेंगे नहीं. उन्होंने ये भी कहा कि अभी आपका (एनडीए) समय है, हमलोगों (महागठबंधन) का भी दौर आएगा.

तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में कही गई सारी बातें पुरानी हैं. जो सरकार की तरफ से दी गई है, उसी को पढ़ दिया गया है लेकिन बिहार की जनता सब कुछ समझ रही है. इस सरकार में झूठी वाहवाही और लापरवाही होती है.

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हम लोग निडर होकर जनता की आवाज सदन में उठाने का काम करेंगे. राज्यपाल के अभिभाषण में कहा गया कि बिहार में कानून का राज है. न्याय के साथ विकास हो रहा है लेकिन हकीकात बिहार की जनता को पता है.

तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार दो बार आई. एनडीए की सरकार शिक्षक बहाली की बात करती है लेकिन बताना चाहिए कि जब बहाली हुई तो किसकी सरकार थी? 10 लाख नौकरी देने का वादा किसका था? चाहे मानदेय बढ़ाने का काम हो या अन्य कार्य, सब कुछ हम लोगों की महागठबंधन वाली सरकार में ही हुआ.

आरजेडी नेता ने कहा कि जब हम लोग 10 लाख नौकरी की बात करते थे तो मुख्यमंत्री कहते थे, ‘कहां से पैसा लाओगे, बाप के यहां से लाओगे?’ तेजस्वी ने कहा कि सात निश्चय की योजना हम लोग की सरकार के समय से शुरू हुआ था. हम तो मन हो मन मुस्कुरा रहे थे कि हम ही लोगों के कामों पर सत्ता पक्ष के लोग ताली बजा रहे हैं.

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के उस बयान की भी चर्चा की, जिसमें बीजेपी नेता ने कहा था कि बिहार में 20-25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं. हालांकि तेजस्वी के इस बयान पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया. अपनी बात रखते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आप लोगों ने लोकतंत्र को डर तंत्र बना दिया है. राज्य में अपराध बढ़ गया है.

तेजस्वी यादव ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से कहा कि मेरे पैर का नाखून उखड़ गया है, दर्द बहुत है. एंटीबायोटिक लेकर हम चल रहे हैं, इसलिए बैठकर बोलने की अनुमति दें. इस पर स्पीकर ने उनको बैठकर बोलने की अनुमति दे दी.

तेजस्वी यादव ने बात को बढ़ाते हुए कहा कि जहानाबाद की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई. उन्होंने कैमूर, मुजफ्फरपुर, सोनपुर, गोपालगंज, मधेपुरा, मोतिहारी, छपरा, दरभंगा पूर्णिया, बेगूसराय, पश्चिम चंपारण, वैशाली, सीतामढ़ी में दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं का भी जिक्र किया.

तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग इसे ‘जंगल राज’ नहीं कहना चाहते हैं. जंगल राज मानने वाले जानवर यह सुनकर नाराज हो जाएंगे. शायराना अंदाज में उन्होंने सत्ता पक्ष के सदस्यों से कहा, ‘आईना जब भी उठाया करो, खुद देखा करो, फिर दिखाया करो.

आरजेडी नेता ने कहा कि जब बिहार इतना आगे बढ़ रहा है तो किसी एक मामले में बताइए, जो बिहार नंबर वन हो? शिक्षा और स्वास्थ्य के मामले में फिसड्डी है, भ्रष्टाचार चरम पर है. जिन गरीबों का वोट लिया, उन गरीबों का घर उजाड़ने में लगे हैं. उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि बिहार यदि अलग देश होता तो पूरी दुनिया में सबसे गरीब होता है.

नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘सही वक्त पर हदों का कर देंगे एहसास, कुछ तालाब खुद को समुद्र समझ बैठा.’ उन्होंने कहा कि आपका समय आया है, हमारा दौर आएगा. उन्होंने कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव हमेशा कहते हैं कि बाज बनो.

तेजस्वी यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार है. डबल उप मुख्यमंत्री है. डबल सेंचुरी में विधायक है. डबल डिजिट में आपके सांसद हैं अब नहीं आगे बढ़ाइयेगा तो कब बढ़ाइयेगा? डबल डिजिट में 20 साल से राज कर रहे हैं, फिर भी 1961 में बिहार जहां खड़ा था, वहीं खड़ा है. हम तो मुख्यमंत्री को कहेंगे चलिए आंदोलन करते हैं. विशेष राज्य और विशेष पैकेज की मांग कीजिए, हम लोग सपोर्ट करेंगे. मुख्यमंत्री कुमार तो कई बात भूल जाते हैं.

तेजस्वी ने कहा कि जब हम लोगों की सरकार थी, 65% आरक्षण ओबीसी-दलित के लिए हम लोगों ने किया था और 10% ईडब्ल्यूएस क्या हुआ. हम तो कहेंगे 85% आरक्षण का बिल लाइए, बीजेपी आरक्षण विरोधी है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमको तो लगा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं लेकिन अब तो लगता है डोनाल्ड ट्रंप ही प्रधानमंत्री हैं. इतना कमजोर प्रधानमंत्री हमने नहीं देखा.

आरजेडी नेता ने कहा कि चुनाव जब आता है तो बहुत घोषणा लोग करते हैं. कहा गया था कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन पटना से दिल्ली चलेगी. चुनाव खत्म हो गया है और अब पहली बंदे भारत स्लीपर ट्रेन कोलकाता से असम चलेगी. सत्ता पक्ष के विधायकों को तेजस्वी ने कहा कि आप लोग भी समझते हैं कि आपकी बात कितनी सुनी जाती है अधिकारी फोन उठाते हैं क्या?

“यह सरकार बेरोजगारी-गरीबी से बाहर निकाले. जो वादा लोगों से किया है, उसको पूरा करें. हम देखते हैं कि कितना कारखाना लगाते हैं. एक करोड़ नौकरी-रोजगार देने का वादा किया गया है. कौन सा रोजगार दीजिएगा? गलत कम कीजिएगा, हम लोग आवाज उठाते रहेंगे.”- तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा

वहीं, डिप्टी सीएम विजय सिंहा ने तेजस्वी पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि जंगल राज के युवराज कौन हैं, लोग जानते हैं. जो अपने घर परिवार की बेटी और महिला की परवाह नहीं करे, वह बिहार की महिलाओं का कैसे परवाह कर सकता है. बिहार की जनता ने इस चुनाव में एक बार फिर जंगल राज को खारिज कर दिया.

“आप लोगों को चिंतन करने की जरूरत है. जो भोकाल बना रहे थे, जनता ने उसका जवाब दे दिया. 20 साल से बिहार की सेवा करने वाले मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार की जनता ने विश्वास जताते हुए अपना बहुमत दे दिया.”- विजय कुमार सिन्हा, उप-मुख्यमंत्री, बिहार


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *