*_छत्तीसगढ़ में 14 नक्सली ढेर, डीवीसीएम मेंबर मंगलू और हितेश का भी मिला शव, भारी मात्रा में AK 47, INSAS, SLR Rifles मिले_*

Spread the love

*_छत्तीसगढ़ में 14 नक्सली ढेर, डीवीसीएम मेंबर मंगलू और हितेश का भी मिला शव, भारी मात्रा में AK 47, INSAS, SLR Rifles मिले_*

बस्तर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर में सुरक्षा बलों को नए साल पर बड़ी कामयाबी मिली है. बीजापुर और सुकमा के दक्षिणी क्षेत्रों में एंटी नक्सल ऑपरेशन में जवानों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया है. सुकमा में 12 और बीजापुर में 2 नक्सली मारे गए हैं.

 

मोस्ट वांटेड नक्सली मारे गए

 

बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि सुकमा और बीजापुर में मारे गए नक्सली कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहे हैं. सुकमा में मारे गए 12 नक्सलियों में डीवीसीएम मेंबर मंगलू और हितेश का भी शव मिला है. दोनों कोंटा में आईईडी विस्फोट में शामिल थे, जिसमें एएसपी आकाश राव गिरिपूंजे शहीद हुए थे. वहीं बीजापुर में मारे गए नक्सली कई सीरियल किलिंग में शामिल रहे हैं.

बस्तर आईजी ने जगदलपुर पुलिस मुख्यालय से मुठभेड़ की जानकारी दी. उन्होंने बताया, ”बीजापुर एवं सुकमा जिलों के दक्षिणी क्षेत्रों में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी की टीमें रवाना की गई. इसके बाद आज सुबह 5:00 बजे से बीजापुर में नक्सल ऑपरेशन शुरू हुआ.”

 

14 नक्सलियों के शव मिले, भारी मात्रा में हथियार मिले

 

बीजापुर में डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है.वहीं सुकमा जिले में भी सुबह लगभग 08:00 बजे सुरक्षा बलों एवं नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी हुई है. अब तक सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थलों से कुल 14 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं. मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में AK 47, INSAS, SLR Rifles जैसे हथियारों भी बरामद किए गए हैं.

 

नक्सल ऑपरेशन जारी

 

आईजी ने बताया कि चूंकि अभियान अभी भी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षाबलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां इस समय साझा नहीं की जा सकतीं, ताकि अभियान में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. ऑपरेशन पूरा होने के बाद अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं परिणाम साझा किए जाएंगे.

 

अरुण साव ने जवानों को दी बधाई

 

बस्तर में जवानों को मिली बड़ी सफलता पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने जवानों का हौसला बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बल के जवान बस्तर में नक्सल उन्मूल्न को लेकर लगातार काम कर रहे हैं. बड़ी बड़ी सफलताएं मिल रही है.

 

हमारे जवान बधाई के पात्र है जो दुर्गम इलाकों में जाकर बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में लगे हुए हैं- अरुण साव, डिप्टी सीएम, छत्तीसगढ़

 

छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर कामयाबी

 

साल 2025 में बस्तर संभाग के अलग अलग जिले में 256 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया.

 

साल 2025 में मुठभेड़ों के बाद, सर्च ऑपरेशन के दौरान और सरेंडर नक्सलियों से कुल 665 हथियार बरामद हुए.

 

साल 2025 में 1560 नक्सलियों ने सरेंडर किया.

 

साल 2025 में नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा में 52 से ज्यादा नए सुरक्षा कैंप खोले गए.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *