*_मध्य प्रदेश की 23 विधानसभा सीटों से 13 लाख वोटर्स साफ, CM सहित 5 मंत्री भी शामिल_*
भोपाल: मध्य प्रदेश में एसआईआर (SIR) का ड्राफ्ट प्रकाशन जारी होने के साथ साफ हो गया है कि प्रदेश की किस विधानसभा सीट से कितने मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. मध्य प्रदेश की गोविंदपुरा विधानसभा सीट पर बीजेपी ने लगातार जीत का रिकॉर्ड बनाया है, लेकिन अब इस सीट पर प्रदेश में सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. गोविंदपुरा सीट से 97 हजार 52 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा हैं.
इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर चुनते आए हैं, जबकि अभी यहां उनकी पुत्रवधु और मंत्री कृष्णा गौर का चुनाव क्षेत्र है. यह जानकारी चुनाव आयोग की SIR की ड्रॉफ्ट रिपोर्ट की प्रारंभिक प्रारूप के आंकड़ों के विश्लेषण से मिली है.
23 सीटों पर कटे सबसे ज्यादा नाम
एसआईआर की प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के बाद प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों में 23 विधानसभा सीटों पर 35 हजार से लेकर 97 हजार तक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. इन 23 सीटों पर कुल 13 लाख 9648 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं. इन 23 सीटों में से 18 विधानसभा सीटें पर बीजेपी विधायक और मंत्री हैं. इनमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित 5 मंत्री शामिल हैं.
भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा सीट के बाद सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम काटे जाने वाली विधानसभा इंदौर की 5 नंबर है, जहां से बीजेपी विधायक महेन्द्र हार्डिया हैं. इस सीट पर 87 हजार 591 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. उधर सबसे कम नाम नीमच जिले की मनासा विधानसभा सीट पर कटे हैं. यहां एसआईआर की ड्राफ्ट सूची से 5485 नामों को हटाया गया है.
4 मंत्रियों के क्षेत्र में कटे सबसे ज्यादा नाम
SIR की प्रारूप मतदाता सूची में सभी 230 विधानसभा सीटों का अध्ययन करने से सामने आया है कि सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम 4 मंत्रियों की विधानसभा सीटों में कटे हैं. इसमें नंबर एक पर भोपाल की गोविंदपुर विधानसभा सीट है. इस सीट से कृष्णागौर मंत्री हैं. गोविंदपुरा से 97 हजार 52 नाम हटाए गए हैं. नरेला विधानसभा से विश्वास सारंग मंत्री हैं. इस सीट से 81 हजार 235 नाम हटाए गए हैं.इंदौर की इंदौर 1 से कैलाश विजयवर्गीय मंत्री हैं. इस सीट से 75 हजार 14 नाम हटाए गए हैं. ग्वालियर से विधानसभा सीट से 55 हजार 653 नाम हटाए गए हैं. इस सीट से प्रद्युम्न सिंह मंत्री हैं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विधानसभा सीट से 37 हजार 728 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सीट छिंदवाड़ा से 21 हजार 981 मतदाताओं के नाम एसआईआर में हटाए गए हैं. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की विधानसभा सीट राउ से 54 हजार 415 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. कांग्रेस विधायक और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की गंधवानी सीट से 14 हजार 712 नाम मतदाताओं के हटाए गए हैं.






