*खंडहर बने प्रेस क्लब भवन के फिर बहुरेंगे दिन*
*नगर निगम कराएगा जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण, संचालन में सहयोग करेगी पत्रकारों की कमेटी*
*फर्नीचर, कंप्यूटर समेत मिलेंगी जरूरी सुविधाएं, मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण*
रुद्रपुर। वर्षों से उपेक्षा और आपसी गतिरोध के चलते बदहाल पड़े प्रेस क्लब भवन के दिन अब बहुरने की उम्मीद जगी है। महापौर विकास शर्मा की मध्यस्थता से भवन के संचालन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सुलझ गया है। सहमति बनी है कि नगर निगम भवन का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जबकि पत्रकारों की गठित कमेटी संचालन में सहयोग करेगी। भवन को सिटी क्लब की तर्ज पर संचालित किया जाएगा। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसका लोकार्पण करेंगे।
शुक्रवार को विभिन्न पत्रकार संगठनों से जुड़े पत्रकारों ने महापौर विकास शर्मा के समक्ष प्रेस क्लब भवन की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने भवन का जीर्णोद्धार कर इसे पत्रकारों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की। महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्रकारों के बीच संवाद स्थापित कराया और आपसी सहमति से समाधान निकाला। तय हुआ कि भवन की देखरेख और संचालन नगर निगम के माध्यम से होगा। इसके लिए पत्रकारों की एक कमेटी गठित की जाएगी, जो नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं के संचालन में सहयोग करेगी। भवन की चाबी नगर आयुक्त के पास रहेगी।
2011 में बना था भवन, नहीं हो सका लोकार्पण
प्रेस क्लब भवन की बदहाली के पीछे वर्षों से चला आ रहा संचालन संबंधी गतिरोध प्रमुख वजह रहा है। वर्ष 2011 में आदर्श कॉलोनी में करीब 9.50 लाख रुपये की लागत से भवन का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य पत्रकारों को बैठक, विचार-विमर्श और पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध कराना था, लेकिन संचालन को लेकर पत्रकारों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके चलते भवन का लोकार्पण तक नहीं हो पाया।
लंबे समय तक बंद रहने और देखरेख के अभाव में भवन की स्थिति लगातार खराब होती गई। प्रशासन ने भी गतिरोध के चलते भवन पर ताला लगा दिया। इसके बाद से ही विभिन्न पत्रकार संगठन भवन के जीर्णोद्धार और सदुपयोग की मांग उठाते रहे, लेकिन सहमति नहीं बनने के कारण कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। अब महापौर की पहल के बाद भवन को दोबारा उपयोग में लाने का रास्ता साफ हो गया है।
फर्नीचर और कंप्यूटर समेत मिलेंगी सुविधाएं
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रेस क्लब भवन को केवल मरम्मत तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे पत्रकारों के लिए एक व्यवस्थित और सुविधायुक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। नगर निगम की ओर से भवन का सौंदर्यीकरण कराने के साथ ही फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे पत्रकारों को बैठकों और पेशे से जुड़ी गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकार जनसमस्याओं को सामने लाने के साथ ही शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद की कड़ी का काम करते हैं। ऐसे में पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपसी मतभेदों के कारण सार्वजनिक संसाधनों का उपयोग बाधित नहीं होना चाहिए। सभी पत्रकार संगठनों के बीच सहमति बनाकर संचालन की व्यवस्था तय की गई है, ताकि भवन का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित हो सके।
पत्रकारों ने महापौर का जताया आभार
प्रेस क्लब अध्यक्ष केवल कृष्ण बतरा और वरिष्ठ पत्रकार अनिल चौहान ने भवन के संचालन की जिम्मेदारी नगर निगम की देखरेख में तय किए जाने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने महापौर विकास शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि इससे वर्षों से अनुपयोगी पड़े भवन का पत्रकारों के हित में इस्तेमाल हो सकेगा। उन्होंने बताया कि पत्रकारों की कमेटी गठित कर नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे भवन का संचालन व्यवस्थित तरीके से हो सके।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार अनिल चौहान, कंचन वर्मा, नरेंद्र राठौर, सुशील चौहान, पूरन रावत, चंदन बंगारी, अमन सिंह, सुरेंद्र शर्मा सहित विभिन्न पत्रकार संगठनों से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।


