*बगवाड़ा के प्राचीन महाकाल मंदिर का होगा जीर्णोद्धार*
*पार्षद और वार्डवासियों की मांग पर महापौर विकास शर्मा ने की घोषणा, सड़कों व बिजली के खंभों से जुड़ी समस्याएं भी होंगी दूर*
रुद्रपुर। शहर के वार्ड संख्या 16 स्थित बगवाड़ा के प्राचीन महाकाल मंदिर का जल्द जीर्णोद्धार कर सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पार्षद प्रमोद शर्मा और वार्डवासियों की मांग पर महापौर विकास शर्मा ने मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर जीर्णोद्धार कराने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कार्य के लिए जल्द टेंडर जारी कर निर्माण प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र की सड़कों और बिजली के खंभों से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने वार्डवासियों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पार्षद प्रमोद शर्मा और स्थानीय लोगों ने प्राचीन महाकाल मंदिर की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए इसके जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की मांग उठाई। वार्डवासियों ने बगवाड़ा गांव की मुख्य सड़क, भट्ठा क्षेत्र की सड़कों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उनके सामने रखीं। महापौर ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि बगवाड़ा का प्राचीन महाकाल मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कर इसे बेहतर स्वरूप दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिल सकें। हाईवे किनारे स्थित इस प्राचीन मंदिर का व्यवस्थित विकास कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बगवाड़ा गांव की मुख्य सड़क और भट्ठा क्षेत्र की अन्य सड़कों के निर्माण को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा तपस्या विहार स्थित मंदिर में टाइल्स लगाने का कार्य कराया जाएगा। क्षेत्र में बिजली के झुके हुए खंभों को सीधा कराने और जिन स्थानों पर खंभे नहीं हैं, वहां नए खंभे लगवाने के लिए संबंधित विभाग से बातचीत की जाएगी।
महापौर ने कहा कि वार्ड की समस्याओं का समाधान कर लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे।
इस दौरान पार्षद प्रमोद शर्मा, परमहंस, रंजीत सिंह, राजेश साहनी, शिव कुमार, लखविंदर साहनी, प्रदीप मेहता, अमरीक सिंह, अनरजीत यादव, संजीत यादव, सुदामा प्रसाद, श्याम सिंह, भगवान सिंह और सुरेश साहनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


