*विजयदशमी सत्य और धर्म की जीत का प्रतीक : विकास शर्मा*
*भूत बंगला रामलीला मैदान में हुआ रावण दहन, महापौर ने रामलीला कमेटी को 25 लाख रुपये देने की घोषणा की*
रुद्रपुर। भूत बंगला स्थित रामलीला मैदान में श्री राम हनुमान देवी मंडल कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला के समापन पर दशहरा मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भव्य आतिशबाजी के बीच रावण दहन किया गया। कार्यक्रम में महापौर ने रामलीला कमेटी को निर्माण कार्यों के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। आयोजकों ने महापौर का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, कर्तव्य, धैर्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य का साथ नहीं छोड़ा। रावण दहन हमें यह संदेश देता है कि अहंकार, अन्याय और बुराई का अंत निश्चित है। विजयदशमी की सार्थकता तभी है, जब हम अपने जीवन में बुराइयों को त्यागकर सत्य, सदाचार और मानवता को अपनाएं।
महापौर ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, माता-पिता के प्रति सम्मान, भाईचारे, मित्रता, त्याग और जनकल्याण की भावना से परिचित होने का अवसर मिलता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने के साथ ही बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन की बधाई देते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य किए जा रहे हैं। रुद्रपुर को भी विकास के साथ उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में भगवान शिव का भव्य त्रिशूल स्थापित किया गया है और डमरू चौक का निर्माण प्रस्तावित है। गंगापुर रोड पर तीन प्रसिद्ध मंदिरों को जोड़कर शिव कॉरिडोर विकसित करने की योजना है, जहां भगवान शिव की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वहीं, गांधी पार्क को राम पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा स्थापित की जा रही है। शहर की सीमा पर भव्य प्रवेश द्वार बनाने की योजना भी प्रस्तावित है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम अब सफाई, सड़क और नाली जैसे कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभावनाओं के अनुरूप शहर के समग्र विकास की दिशा में काम कर रहा है। जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है। करीब एक वर्ष में 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। हाल ही में 11.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर भी जारी किए गए हैं। इन कार्यों के पूरा होने से शहर की सुविधाओं और स्वरूप में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जिस विश्वास के साथ सेवा का अवसर दिया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। शहर के विकास के साथ धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री सुरेश कोली, समाजसेवी बिट्टू शर्मा, राजेश गुप्ता, पार्षद प्रमोद शर्मा, जगदीप भाटिया, बीनू, गौरव जुयाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


