*विधायक शिव अरोरा ने किया रावण दहन, बुराई पर अच्छाई की विजय का दिया संदेश*
*एलाइंस कॉलोनी में दशहरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल, क्षेत्रवासियों को दी विजयदशमी की शुभकामनाएं*
रुद्रपुर। विजयदशमी के पर्व पर रुद्रपुर में जगह-जगह रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा एलाइंस कॉलोनी में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं भी दीं।
एलाइंस कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। रावण दहन के दौरान जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर शिव अरोरा ने कहा कि दशहरा केवल रावण के पुतले के दहन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करने और सत्य, धर्म तथा सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का पर्व है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, न्याय और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि रावण के दस सिर अहंकार, क्रोध, लोभ, मोह सहित विभिन्न नकारात्मक प्रवृत्तियों के प्रतीक हैं। जब तक व्यक्ति अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करने का प्रयास नहीं करेगा, तब तक दशहरे का वास्तविक संदेश सार्थक नहीं होगा। विजयदशमी हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देती है।
विधायक ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि प्रत्येक बहन-बेटी को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए परिवार, समाज और युवा पीढ़ी को मिलकर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने गलत आचरण और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली प्रवृत्तियों के विरुद्ध सामाजिक जागरूकता तथा कानून के अनुरूप कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
शिव अरोरा ने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने आदर्शों और मर्यादित आचरण से कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की सीख दी। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में ईमानदारी, सदाचार और नैतिक मूल्यों को अपनाए, तो समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कामना की कि विजयदशमी का पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और नई ऊर्जा लेकर आए। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाते हुए सुरक्षित, संस्कारवान और सद्भावपूर्ण समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में सोसायटी अध्यक्ष राजकुमार मुंजाल, राजकुमार चौधरी, हरनाम चौधरी, राजेश डाबर, मनीष गगनेजा, नीरज बत्रा, डॉ. सीमा अरोरा, हरपाल चावला, हरीश जल्होत्रा, श्याम घई, विजय कुमार, वंश डाबर, उज्ज्वल गगनेजा, मनोज मित्तल और प्रमोद अरोरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


