*बरीराई में जनकल्याण शिविर, 528 ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ* *विधायक शिव अरोरा ने सुनीं जनसमस्याएं, नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण; महिलाओं को बांटी महालक्ष्मी किट, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ*

*बरीराई में जनकल्याण शिविर, 528 ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ*

 

*विधायक शिव अरोरा ने सुनीं जनसमस्याएं, नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण; महिलाओं को बांटी महालक्ष्मी किट, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ*

 

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सेवा सेतु अभियान के तहत रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरीराई के ग्राम सुंदरपुर में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक शिव अरोरा और ब्लॉक प्रमुख ज्योति प्रीत ग्रोवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। शिविर में 528 ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान लिखित रूप में प्राप्त नौ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

 

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जल संस्थान, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, बाल विकास, चिकित्सा, कृषि, मत्स्य, पशुपालन, शिक्षा, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण उद्यमिता संवर्धन परियोजना, उड़ान मसाला ग्रोथ सेंटर, समाज कल्याण तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति समेत अन्य विभागों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

 

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ ही जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

महिलाओं को वितरित की महालक्ष्मी किट

 

शिविर के दौरान पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। वहीं, उड़ान मसाला ग्रोथ सेंटर में स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की उद्यमिता, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।

 

बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश

 

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। इसके माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बीएमएम शाश्वत शाह ने किया। बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को शिविर का नोडल अधिकारी बनाया गया था।

 

इस दौरान दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, प्रीत ग्रोवर, जगदीश विश्वास, राजेश बजाज, मनोज गुम्बर, कपिल शर्मा, विजय कुमार, दयाल सिकदार, अजितेश, प्रेम पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement