*29 सितंबर को होंगे छात्रसंघ चुनाव, परिसरों में बढ़ी हलचल*
*29 सितंबर को होंगे छात्रसंघ चुनाव, परिसरों में बढ़ी हलचल*
देहरादून। उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर चल रहा इंतजार खत्म हो गया है। प्रदेशभर में छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर 2026 को कराए जाएंगे। चुनाव की तारीख घोषित होते ही छात्र संगठनों और संभावित प्रत्याशियों में सक्रियता बढ़ गई है।
निर्धारित तिथि पर विश्वविद्यालयों के साथ ही उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में भी चुनाव होंगे। चुनाव कार्यक्रम के तहत नामांकन, प्रचार और मतदान समेत अन्य प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएंगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही कॉलेज परिसरों में चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। संभावित प्रत्याशी छात्रों से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की तैयारी में जुट गए हैं।
कुमाऊं विश्वविद्यालय, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय और श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में भी चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू होंगी। वहीं, विश्वविद्यालय और महाविद्यालय प्रशासन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।
लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं में चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद उत्साह बढ़ गया है। अब छात्र संगठनों की गतिविधियां और चुनावी समीकरण तेजी से सामने आने की उम्मीद है।


