*पुलिस लाइन में धूमधाम से मना जन्माष्टमी महोत्सव* *उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सितारगंज की झांकी रही प्रथम*

*पुलिस लाइन में धूमधाम से मना जन्माष्टमी महोत्सव*

*उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सितारगंज की झांकी रही प्रथम*
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति और महापौर रुद्रपुर विकास शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विधायक रुद्रपुर शिव अरोरा समेत शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जन्माष्टमी महोत्सव में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की थीम पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पुलिस लाइन के बच्चों और पुलिस कर्मियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं लोकगायक गोविंद दिगारी, खुशी जोशी और श्वेता महारा ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर पुलिस परिवार सहित मौजूद दर्शक झूमने को मजबूर हो गए।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों, फायर यूनिट, यातायात पुलिस, संचार शाखा समेत अन्य शाखाओं की ओर से आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। झांकी प्रतियोगिता में कोतवाली सितारगंज ने प्रथम, कोतवाली ट्रांजिट कैंप ने द्वितीय और कोतवाली जसपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद एसएसपी अजय गणपति ने सपरिवार पुलिस लाइन स्थित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद सामूहिक आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थानाध्यक्षों और पुलिस कर्मियों ने भी पूजा-अर्चना में सहभागिता की।
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस परिवार एवं समस्त जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए समाज में शांति, प्रेम, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस अधीक्षक काशीपुर, प्रतिसार निरीक्षक, विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement