*1.40 कुंतल अवैध चंदन की लकड़ी बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार*
*1.40 कुंतल अवैध चंदन की लकड़ी बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार*
हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग की गौला रेंज में वन विभाग ने चंदन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। टीम ने गौलापार के देवलतल्ला-बागजाला क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों आरोपितों के ठिकानों से करीब 1.40 कुंतल अवैध चंदन की लकड़ी बरामद की। बरामद लकड़ी को वन विभाग ने कब्जे में ले लिया है।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह और उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी के निर्देशन में वन अपराधों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार रात वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि देवलतल्ला-बागजाला क्षेत्र में कुछ लोगों के घरों में बड़ी मात्रा में अवैध चंदन की लकड़ी छिपाकर रखी गई है।
सूचना मिलते ही गौला रेंज की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान टीम ने बजरिया शेखना, कन्नौज निवासी साहिद और सेहरपुर, पीलीभीत निवासी अनीस के घरों पर छापा मारा। तलाशी में दोनों के ठिकानों से कुल 1.40 कुंतल चंदन प्रजाति की अवैध लकड़ी बरामद हुई।
गौला रेंजर चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में अवैध कटान, वन अपराध और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
