*नगर निगम मंच पर गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे, विकास शर्मा ने किया शोभायात्रा का अभिनंदन* *सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देती है श्रीकृष्ण की लीला: विकास शर्मा*

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शोभायात्रा का नगर निगम मंच पर भव्य स्वागत

रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण पंच मंदिर से श्री सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में निकाली गई भव्य शोभायात्रा का नगर निगम मंच पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। नगर निगम परिवार, पार्षदों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा एवं जयकारों के साथ अभिनंदन किया।
महापौर विकास शर्मा ने शोभायात्रा में शामिल भगवान श्रीकृष्ण समेत विभिन्न देवी-देवताओं और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियों का स्वागत किया। इस दौरान श्री सनातन धर्म सभा के पदाधिकारियों, आयोजकों एवं प्रमुख श्रद्धालुओं को शॉल व पटका पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
महापौर ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को धर्म, सत्य, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से सनातन संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ ही सामाजिक एकता और भाईचारा भी मजबूत होता है।
उन्होंने नगरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से नगर में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।