*भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’, राधा-कृष्ण की प्रस्तुतियों ने मोहा मन*,
*भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’, राधा-कृष्ण की प्रस्तुतियों ने मोहा मन*,
बिलासपुर। शारदा नगर, काशीपुर रोड स्थित भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की रासलीला और ‘कृष्ण कौन बनेगा’ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई।
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां रहीं। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी, कक्षा 1-सी, 2-ए, 3, 4, 6-सी और 8 की छात्राओं ने कृष्ण भक्ति पर आधारित गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा 6-सी के विद्यार्थियों ने ‘रास रचाया’, ‘हाथी घोड़ा पालकी’ और ‘नंद भयो आनंद भयो’ जैसे भक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का संचालन पीजीटी बायोलॉजी शिक्षक पवन तिवारी ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावी प्रस्तुति से कार्यक्रम को व्यवस्थित और रोचक बनाए रखा।
इस अवसर पर महेश चंद्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, सत्य, नैतिकता, कर्तव्य, साहस और मानवता की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में स्कूल कोऑर्डिनेटर नेहा कंसवाल समेत विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे। जन्माष्टमी समारोह उत्साह, भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ।
