*भारी बारिश का कहर: पहाड़ी से आया मलबा मकान में घुसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत*
अल्मोड़ा। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सोमेश्वर तहसील क्षेत्र के हवालबाग ब्लॉक अंतर्गत वडयूड़ा गांव में मंगलवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा एक मकान पर आ गिरा, जिससे घर में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के करीब दो बजे अचानक पहाड़ी से मलबा खिसककर मकान में जा घुसा। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर मौजूद थे। मलबे की चपेट में आने से प्रेमा देवी पत्नी राजेंद्र राम, उनकी बेटी कल्पना आर्या और बेटे मनीष कुमार की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
लगातार हो रही बारिश और मलबे के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया।
हादसे के बाद पूरे वडयूड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
