*नेपाल बाढ़ में बहकर आया बैंक लॉकर, 92 लाख रुपये निकालने के आरोप में 29 गिरफ्तार*
नई दिल्ली। नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटनाएं सामने आई हैं। रसुवा जिले से बाढ़ के तेज बहाव में बहकर त्रिशूली नदी किनारे पहुंचे एक बैंक लॉकर को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 92 लाख नेपाली रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है। वहीं, बाढ़ के पानी में बहकर आई एक मृत महिला के कानों से सोने की बालियां निकालने के आरोप में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रसुवा जिले के भोटेकोशी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के दौरान बैंक की एक भारी तिजोरी तेज बहाव में बह गई थी। यह तिजोरी बहते हुए धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के समीप त्रिशूली नदी किनारे पहुंच गई। स्थानीय लोगों द्वारा तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने की सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 29 लोगों को हिरासत में लेते हुए उनके पास से 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपये बरामद किए। धादिंग पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी गल्छी क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि कुछ अन्य जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस बरामद नकदी के स्रोत और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
इस बीच नारायणी नदी के पास बाढ़ में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां चोरी करने का मामला भी सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नेपाल में बाढ़ से हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, इस आपदा में अब तक 626 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं लापता लोगों की संख्या बढ़कर 2,426 हो गई है, जिनमें 517 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।











