*34 लाख के आभूषण चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार* *82.74 ग्राम सोना, 10.666 किलो चांदी, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद*

Spread the love

*34 लाख के आभूषण चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार*

*82.74 ग्राम सोना, 10.666 किलो चांदी, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद*

रुद्रपुर/बाजपुर। बाजपुर में सर्राफा कारोबारी की दुकान से करीब 34 लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने शत-प्रतिशत खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 39,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार 9 जुलाई को ओम ज्वैलर्स के स्वामी ओमकार वर्मा ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया था कि 8 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनकी दुकान का शटर व ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली बाजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मैनुअल सर्विलांस, सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 19/20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या यूके-18टीए-2192 सहित गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटने के बाद शटर का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम पुत्र शकील अहमद, निवासी आदर्श नगर काशीपुर (हाल निवासी नरपत नगर, थाना स्वार, रामपुर), इस्लाम पुत्र सफी अहमद तथा करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद, दोनों निवासी नरपत नगर, थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी आजम के खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण और प्रभावी पुलिसिंग के जरिए हर घटना का सफल अनावरण कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *