*रुद्रपुर में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, बूथ सशक्तिकरण पर जोर*
रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी की विधानसभा रुद्रपुर की संगठनात्मक बैठक रविवार को वीनस होटल में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता विधायक शिव अरोरा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की परीक्षा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बदौलत देश का सबसे मजबूत संगठन बना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए घर-घर संपर्क अभियान चलाने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर पार्टी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करनी होगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भाजपा सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित की विचारधारा पर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार कार्यकर्ता हैं और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक सुरेश कोहली ने आगामी विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियों, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और संगठन के कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।
बैठक में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग एवं शालिनी बोरा, भाजपा नेत्री मीना शर्मा, प्रीत ग्रोवर, राकेश सिंह, उपेंद्र चौधरी, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, मुकेश पाल, धीरज गुप्ता, सुदर्शन विश्वास सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री गजेंद्र प्रजापति ने किया।
बैठक के अंत में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।


