अवैध खनन पर सख्ती: शक्तिफार्म चौकी का पूरा स्टाफ लाइन हाजिर
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है। शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की खबरें दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद एसएसपी ने मामले का कड़ा संज्ञान लिया।
जांच में चौकी क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश न लग पाने और ड्यूटी के प्रति लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी सहित पूरे चौकी स्टाफ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई के तहत शक्तिफार्म चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र भट्ट समेत कुल 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए







