*महापौर के प्रयास लाए रंग, रूद्रपुर में जल भराव से मिलेगी निजात*

Spread the love

*महापौर के प्रयास लाए रंग, रूद्रपुर में जल भराव से मिलेगी निजात*

– ड्रेनेज सिस्टम के लिए जल्द जारी होगी 111 करोड़ की पहली किश्त
– 460 करोड़ की ड्रेनेज योजना को मिली हरी झंडी

​रूद्रपुर। शहरवासियों को एक ओर बड़ी सौगात मिलने जा रही है। वर्षों से मानसून के दौरान जलभराव की मार झेल रहे रूद्रपुर को इस गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए महापौर विकास शर्मा के दूरदर्शी प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। शासन ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम के कायाकल्प के लिए तैयार की गई 460 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दे दी है। इस योजना के धरातल पर उतरने की शुरुआत के रूप में 111 करोड़ रुपये की पहली किश्त जल्द ही जारी होने जा रही है।

शासन के सचिव युगल किशोर पंत से दूरभाष पर हुई विस्तृत वार्ता के बाद इस बड़ी उपलब्धि की पृष्ठभूमि साझा करते हुए महापौर विकास शर्मा ने बताया कि कार्यभार संभालने से पहले ड्रेनेज सिस्टम के लिए 300 करोड़ का एक पुराना प्रोजेक्ट फाइलों में दबा हुआ था। शहर की पीड़ा को समझते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से व्यक्तिगत स्तर पर कई मुलाकातें कीं और समस्या की गंभीरता से उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने शहर का व्यापक सर्वे किया और स्थानीय पार्षदों के सुझावों को शामिल करते हुए एक व्यावहारिक और प्रभावी नया प्रस्ताव तैयार किया गया।

​गहन मंथन के बाद तैयार इस 460 करोड़ के मास्टर प्लान में पूरे शहर को चार अलग-अलग जोनों में बांटा गया है। योजना के प्रथम चरण के तहत जोन-1 (वार्ड संख्या 1 फुलसूंगा और वार्ड संख्या 16 बगवाड़ा क्षेत्र) के लिए 111 करोड़ रुपये की राशि  जल्द जारी होने जा रही है। जिससे निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। पहले चरण की प्रगति के आधार पर आगामी चरणों के लिए शेष बजट जारी किया जाएगा।

​महापौर ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना रूद्रपुर के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर का समग्र विकास और बुनियादी जन-समस्याओं का स्थाई निराकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास का यह रथ बिना रुके इसी तरह आगे बढ़ता रहेगा, जिससे आने वाले समय में रूद्रपुर एक आधुनिक और जलभराव मुक्त शहर के रूप में अपनी नई पहचान बनाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *