जहरीला पदार्थ पीने से भाजपा नेता सहित दो की मौत, एक गंभीर
खटीमा कंजाबाग जानकी मंडप के स्वामी समाजसेवी एवं जनजाति समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा व उसके एक साथी मलकीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना में उनके साथ मौजूद अधिवक्ता प्रवेश मौर्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों एक विवाह समारोह में शामिल होकर ग्राम सेजना के पास से लौट रहे थे। इसी दौरान कंजाबाग स्थित शराब भट्टðी से शराब की बोतल खरीदकर जानकी मंडप के पास बैठकर जैसे ही पहला पैक लिया। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल निजी वाहन से उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान ढिल्लू सिंह राणा की मौत हो गई। जबकि अधिवक्ता प्रवेश मौर्या व मलकीत सिंह राणा को गंभीर हालत में हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। जहां रात्रि में मलकीत सिंह ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि अधिवक्ता प्रवेश मौर्या की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलने पर एसआई किशोर पंत पुलिस कर्मियों के साथ चिकित्सालय पहुंचे और उन्होंने घटना की विस्तार से जानकारी लेकर ढिल्लू सिंह राणा व मलकीत सिंह के शव कब्जे में लिए व पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। घटना की जानकारी मिलते ही चिकित्सालय में लोगों की भीड़ लग गई। सूत्रें के हवाले से सामने आया है कि जिस स्थान पर तीनों बैठकर शराब पी रहे थे, वहां पानी की बोतल के स्थान पर किसी जहरीले पदार्थ की बोतल भी मिली है। इससे पूरे मामले में साजिश की आशंका गहराती जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच में जुट गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
See also अगवा नाबालिग लड़की सकुशल बरामद,आरोपी साहिल गिरफ्तार
घटना में साजिश की आशंका,आरएसएस से जुड़े थे दोनों मृतक
खटीमा। भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा और उनके साथी मलकीत सिंह की मौत ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। दोनों के साथ मौजूद अधिवक्ता प्रवेश मौर्य की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस घटना को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं और जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। ढिल्लू सिंह राणा थारू समाज के बड़े और प्रभावशाली भाजपा नेता माने जाते थे। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। वहीं, मृतक मलकीत सिंह के साथ-साथ ढिल्लू सिंह राणा के आरएसएस से जुड़े होने की भी चर्चा सामने आ रही है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। घटनास्थल से कथित रूप से पानी की एक ऐसी बोतल मिलने की बात सामने आई है, जिसमें जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। यह बोतल वहां कैसे पहुंची, किसने रखी और किन परिस्थितियों में उसका सेवन हुआकृये सभी बिंदु पुलिस की जांच के केंद्र में हैं। सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या भाजपा नेता और उनके साथी किसी साजिश का शिकार हुए हैं, या फिर यह कोई दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था। पुलिस और प्रशासन फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।फिलहाल पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है। लोग इस रहस्यमयी घटना के पीछे की सच्चाई जानने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले को खंगालने में जुटी हुई हैं। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें व संदिग्ध तरल पदार्थ जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतकों और घायलों के पास गाड़ी में एक बोतल में संदिग्ध रासायनिक तरल था, जिसे उन्होंने पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया था। घायलों का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ- वी-पी- सिंह ने बताया कि मृतक व घायलों से तीव्र मिथाइल अल्कोहल केमिकल जैसी गंध आ रही थी, जिससे यह आशंका है कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। अस्पताल लाने वाले श्रवण कुमार ने बताया कि तीनों व्यक्तियों ने शाम को 8 पीएम ब्लैक शराब के दो क्वार्टर मंगवाए थे और वाहन से बाहर गए थे। वापस लौटने पर दिल्लू राणा की तबीयत बिगड़ गई और वह उल्टियां करने लगे। जिस पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने जांच के दौरान 8 पीएम ब्लैक के दो खाली क्वार्टर, एक खाली आधा बोतल, एक संदिग्ध प्लास्टिक बोतल, उल्टी के नमूने को सील कर कब्जे में लिया है। फिल्हाल दोनों घायलों का श्री राम मूर्ति स्मारक अस्पताल, भोजीपुरा में भर्ती ईलाज चल रहा है।






