*_ओडिशा की तीन अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, विदेश से भेजा गया है ईमेल_*
भुवनेश्वर: ओडिशा की तीन अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ईमेल में धमकी दी गयी है कि बम फेंककर अदालतों को उड़ा दिया जाएगा. इस धमकी के बाद अदालत परिसरों को खाली कराया गया. वहां सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वाड) ने तलाशी अभियान चलाया. पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है.
कटक जिला न्यायाधीश न्यायालय, फूलबनी न्यायालय और पुरी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं. साइबर सेल की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि यह धमकी भरा ईमेल असल में कहां से भेजा गया था. बम की धमकी के बाद इन तीनों कोर्ट परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. ईमेल मिलने के तुरंत बाद, पुलिस ने अदालत परिसर को चारों ओर से घेर लिया और बम निरोधक दस्ते को तैनात कर दिया.
साइबर पुलिस स्टेशन की आईआईसी (IIC) रश्मिता जेना ने कहा, “बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिला है. हम इसकी जांच कर रहे हैं. यह ईमेल किसी दूसरे देश से आया है. हम यह पता लगा रहे हैं कि यह ईमेल किसके जरिए आया है. अभी इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है कि इसे किसने भेजा है. जांच के लिए क्राइम ब्रांच की मदद भी ली जा रही है.”
ओडिशा हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता शौरी महापात्र ने कहा, “यह एक संवेदनशील मामला है. सरकार को इसकी पूरी गहनता से जांच करानी चाहिए. चाहे यह मेल फर्जी हो या इसके पीछे कोई सच्चाई हो, उचित जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. अभी ठीक से जांच नहीं हो रही है. घटना के मूल कारण की जांच नहीं की जा रही है. ऐसे ईमेल आने के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए किसी केंद्रीय एजेंसी की मदद लेना जरूरी है.”






