पिथौरागढ़ के युवक का था टांडा जंगल में मिला शव
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। गत दिवस हल्द्वानी रोड़ पर टांडा जंगल में एक युवक का शव पाये जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव अपने कब्जे में लिया और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किये। मौके पर मृतक का बैग व नगदी बरामद की गई वहीं शव चादर से ढ़का हुआ मिला। आशंका व्यक्त की जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा युवक की हत्या कर उसका शव यहां लाकर फेंका गया है। मृतक के गले में चोट के निशान पाये गये हैं। आज मृतक की शिनाख्त थल पिथौरागढ़ निवासी 27 वर्षीय भूपेन्द्र सिंह पुत्र नन्दन सिंह के रूप में की गई। बताया जाता है कि मृतक भूपेन्द्र सिंह दिल्ली के एक निजी संस्थान में नौकरी करता था। 6 जुलाई को वह दिल्ली से अपने घर थल जाने के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी पहुंचकर वह एक निजी वाहन में बैठा और अपनी केंट बरेली निवासी बहन को फोन करके बताया कि वह हल्द्वानी पहुंच गया है और जल्द ही घर पहुंच जायेगा। इसके बाद भूपेन्द्र से कोई सम्पर्क नहीं हो पाया। गत दिवस उसका शव टांडा के जंगल में सड़क किनारे बरामद हुआ। आशंका व्यक्त की जा रही है कि भूपेन्द्र यात्रियों को लूटने वाले गिरोह के जाल में फंस गया जो उसे वाहन में बैठाकर टांडा के जंगल ले आये और उसकी हत्या कर शव सड़क किनारे फैंक दिया। पुलिस ने बेलबाबा मंदिर के पास व मार्ग में अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। गौरतलब हो कि टांडा रेंज के ेंरेंजर रूपनारायण गौतम ने गत दिवस पंतनगर थानाध्यक्ष सुन्दरम शर्मा को यह जानकारी दी थी कि संजय वन के पास डिमरी ब्लॉक के प्लॉट संख्या 19 के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर चादर से ढ़के शव को अपने कब्जे में लिया। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी डा- उत्तम सिंह नेगी, एसपी क्राईम निहारिका तोमर, सीओ पंतनगर डीआर वर्मा भी वहां आ गये। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का एक बैग बरामद किया जिसमें नगदी व कुछ सिक्के पाये गए। फोरेंसिक टीम ने भी वहां आकर साक्ष्य किये थे। मृतक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। गौरतलब हो कि टांडा जंगल में पूर्व में भी कई बार शव बरामद हो चुके हैं। जिनमें अधिकांश मामले हत्या से जुड़े पाये गये।