Spread the love

ट्रांजिट कैंप में रविवार को होगा नौवां सामूहिक विवाह समारोह, 21 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में  –  भारत भूषण चुघ

गल्ला मंडी से निकलेगी बारात, फुटबॉल मैदान में होगा सामूहिक विवाह

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगा नौवां सामूहिक विवाह समारोह

सामूहिक विवाह में नवदंपतियों को भेंट किए जाएंगे आवश्यक गृहस्थी के सामान

सर्व समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में होगा भव्य सामूहिक विवाह समारोह

 

रुद्रपुर। सर्व समाज कल्याण समिति और लघु व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप के तत्वावधान में नौवें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन रविवार को ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान में किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक भारत भूषण चुघ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले नौ वर्षों से संस्था द्वारा सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है और इस वर्ष भी सर्व समाज के सहयोग से 21 नवविवाहित जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बारात गल्ला मंडी से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार और झील मार्ग से होते हुए ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान पहुंचेगी, जहां बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। विवाह समारोह हिंदू रीति-रिवाज और गायत्री परिवार के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा।
इस अवसर पर दूधिया मंदिर के शिवानंद जी महाराज, मंदिर मनकामेश्वर के स्वामी नारायण चैतन्य, सोमानंद जी महाराज और अशोक जी महाराज सहित कई साधु-संत वर-वधु को आशीर्वाद देंगे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम संयोजक चुघ ने बताया कि संस्था और जन सहयोग से नवदंपतियों को दान स्वरूप डबल बेड, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी, सिलाई मशीन, पंखा और बर्तन सहित अन्य आवश्यक सामान देकर विदा किया जाएगा।
लघु व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि सभी मानकों की जांच-पड़ताल के बाद 21 जोड़ों का चयन किया गया है। विवाह समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम के दौरान भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज गुप्ता, विकास बंसल, कमलदीप सोनकर, मधु डे, अशोक शाह, गौरव, दीप गुप्ता, पूरन पांडेय, संजीव लाला, गौरव दीक्षित तथा गायत्री परिवार के अनुज अग्रवाल मौजूद रहे। अनुज अग्रवाल ने बताया कि गायत्री परिवार वर्षभर विवाह और धार्मिक आयोजनों में सहयोग करता है और इस सामूहिक विवाह में भी संस्था की ओर से पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *