आईजी की पहल से थाना दिवस बना जनता और पुलिस के बीच भरोसे का पुल
हल्द्वानी आई0जी0 कुमायूँ श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में रविवार को कुमायूँ रेंज के समस्त जनपदों के प्रत्येक थाने में थाना दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह विशेष पहल पुलिस और जनता के बीच संवाद को सशक्त बनाने तथा संवेदनशील पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। थाना दिवस के दौरान प्रत्येक थाना क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का समाधान किया, जबकि कुछ मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से पुलिस ने जनता से सीधे संवाद स्थापित किया और पारदर्शिता, त्वरित समाधान तथा उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली पर विशेष जोर दिया। आई0जी0 कुमायूँ श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने समस्त थानों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करें तथा थानों को आमजन की पहुँच वाला, सहयोगपूर्ण और विश्वास योग्य केंद्र बनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संवाद दोनों मजबूत होंगे, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अधिक प्रभावी होगा।






