रूद्रपुर: रहस्यमय परिस्थितियों में युवक लापता, पूर्व विधायक ठुकराल ने शीघ्र बरामदगी की मांग की

Spread the love

रूद्रपुर: रहस्यमय परिस्थितियों में युवक लापता, पूर्व विधायक ठुकराल ने शीघ्र बरामदगी की मांग की

 

रूद्रपुर। शहर के वार्ड संख्या 21 रम्पुरा निवासी मुकुल श्रीवास्तव (पुत्र स्वर्गीय पप्पू श्रीवास्तव) रविवार की सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया।

 

युवक के अचानक लापता होने की सूचना पर क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। इस गंभीर मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तत्काल पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने मुकुल श्रीवास्तव के परिजनों से विस्तार से घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया।

 

 

परिवार से मुलाकात के बाद पूर्व विधायक ठुकराल ने इस संबंध में उच्च पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने अधिकारियों को युवक के लापता होने की पूरी जानकारी देते हुए मामले की गंभीरता से अवगत कराया। ठुकराल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मुकुल श्रीवास्तव की सकुशल बरामदगी के लिए शीघ्र और प्रभावी कदम उठाए जाएं और इस रहस्यमय गुमशुदगी के मामले का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए।

 

पुलिस ने बताया कि उन्होंने शिकायत दर्ज कर ली है और मुकुल श्रीवास्तव की तलाश में विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों और संपर्क सूत्रों के माध्यम से युवक की खोजबीन में जुटी हुई है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *