रोडवेज की बस खाई मे गिरी 4 यात्रियों की मौत 

Spread the love

रोडवेज की बस खाई मे गिरी 4 यात्रियों की मौत

 

ट्रक को पास देने के चक्कर में पुश्ता धंसने से हुआ हादसा, 30 से अधिक घायल, 12 की हालत नाजुक, सीएम ने जताया शोक

देहरादून। देहरादून जनपद अंतर्गत कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 12 की हालत नाजुक बनी हुयी है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमाचल रोडवेज के नेरवा डिपो की बस संख्या एचपी 66 ए 2588 मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे चौपाल से रवाना होकर नेरवा पहुंची थी। इसके बाद बस मीनस-क्वानू-हरिपुर रूट से होते हुए पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। सुबह करीब दस बजे हरिपुर-कोटी-मीनस राजमार्ग पर सुदोई खड्ड के पास सामने से आ रहे एक ट्रक को पास देने के प्रयास में चालक ने बस को किनारे किया, तभी अचानक सड़क का पुश्ता धंस गया। पुश्ता धंसते ही बस अनियंत्रित होकर कई पलटे खाते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की जानकारी बस के परिचालक जगदीश चंद ने पुलिस को फोन के माध्यम से दी। बस को दिनेश शर्मा चला रहे थे। हादसे के वक्त बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद क्वानू और आसपास के तीन गांवों के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और अपनी जान जोिखम में डालकर घायलों को खाई से बाहर निकालने का कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के आदेश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से एसडी आरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। कालसी थाना प्रभारी दीपक धारीवाल के नेतृत्व में पुलिस बल ने घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि हादसे की सूचना मिलते ही देहरादून जिलाधिकारी से फोन पर बात कर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कराया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *