रोडवेज कर्मियों की हड़ताल से यात्री हुए हलकान
वेतन की मांग को लेकर कुमायूं भर के रोडवेज कर्मी धरने पर, बसों का संचालन ठप्प
रुद्रपुर – वेतन की मांग को लेकर कुमाऊं भर के रोडवेज कर्मी हड़ताल पर चले गए। जिसको लेकर कुमाऊं रोडवेज की तमाम बसों का संचालन भी ठप्प हो गया। जिसके चलते तमाम यात्री इधर-उधर भटकते हुए नजर आए। इस हड़ताल से रुद्रपुर रोडवेज को भी लाखों रुपए के राजस्व की हानि होने का अनुमान है। उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन के बैनर तले आज प्रातः से ही रोडवेज कर्मियों ने वेतन न मिलने को लेकर हड़ताल शुरू कर दी। उनका कहना था कि 29 अगस्त को मंडलीय प्रबंधक काठगोदाम को नोटिस देकर वेतन की मांग की थी। लेकिन अब तक उनका वेतन नहीं मिल पाया। जिस पर आज उन्होंने अपना आंदोलन शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो माह से रोडवेज कर्मियों को वेतन नहीं मिला है जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज कर्मियों को कई संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया। रोडवेज कर्मियों के धरना प्रदर्शन के चलते बसें संचालित नहीं हुई जिसके चलते यात्रियों को भी फजीहत का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं की गई तो 10 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। जिसमें देहरादून और टनकपुर रोडवेज कर्मी भी शामिल होंगे। रुद्रपुर रोडवेज की बस सेवा चलने के कारण लगभग 10 से 15 लाख रूपए राजस्व की हानि का अनुमान है। हड़ताल में नैनीताल, बागेश्वर, काशीपुर, रामनगर, रुद्रपुर, हल्द्वानी ,भवाली, काठगोदाम, अल्मोड़ा और रानीखेत रोडवेज कर्मी की शामिल है।






