अब किच्छा नगर पालिका क्षेत्र में शामिल सिरौली कला, आज़ाद नगर, देवरिया एवं बंडिया के निवासियों को भी स्वामित्व योजना के तहत नक्शा एवं संपत्ति अधिकार का लाभ मिलेगा  –  राजेश शुक्ला 

Spread the love

 

अब किच्छा नगर पालिका क्षेत्र में शामिल सिरौली कला, आज़ाद नगर, देवरिया एवं बंडिया के निवासियों को भी स्वामित्व योजना के तहत नक्शा एवं संपत्ति अधिकार का लाभ मिलेगा  –  राजेश शुक्ला

किच्छा:- आज आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने स्वामित्व योजना को लेकर राज्य सरकार के एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के विस्तार में शामिल किए गए वे ग्रामीण क्षेत्र, जो अब तक स्वामित्व योजना के लाभ से वंचित थे, उन्हें उत्तराखंड सरकार द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत नक्शा प्रोजेक्ट में शामिल कर लिया गया है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड के चार शहरों को नक्शा प्रोजेक्ट के तहत चयनित किया गया, जिनके शहरी विस्तार के दौरान कुछ ग्राम सभा क्षेत्र नगर निकायों में सम्मिलित हो गए थे। नगर पालिका में शामिल होने के कारण इन क्षेत्रों के नागरिक स्वामित्व योजना का लाभ नहीं ले पा रहे थे, जिससे लोगों में असंतोष था और लंबे समय से इसकी मांग राज्य सरकार से की जा रही थी। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को उन्होंने बार-बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उठाया। मुख्यमंत्री ने नक्शा प्रोजेक्ट का विस्तृत अध्ययन करने के उपरांत शहरी क्षेत्र में शामिल किए गए ग्रामीण क्षेत्रों को भी स्वामित्व योजना के दायरे में लाने की घोषणा की और इस संबंध में आदेश एवं शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। शुक्ला ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में प्रदेश के चार शहरों को शामिल किया गया है, जिनमें कुमाऊं मंडल से अल्मोड़ा और किच्छा प्रमुख हैं। इसके अंतर्गत अब किच्छा नगर पालिका क्षेत्र में शामिल सिरौली कला, आज़ाद नगर, देवरिया एवं बंडिया के निवासियों को भी स्वामित्व योजना के तहत नक्शा एवं संपत्ति अधिकार का लाभ मिलेगा।

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने इस निर्णय को आम जनता के हित में ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे शहरी विस्तार में शामिल हुए हजारों परिवारों को कानूनी अधिकार, सुरक्षा और विकास की नई राह मिलेगी। उन्होंने इस जनकल्याणकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

प्रेस वार्ता के दौरान मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, मनमोहन सक्सेना, संदीप अरोड़ा, धर्मराज जायसवाल, संजीव खन्ना उपस्थित थे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *