नगर निगम जलाएगा 51 हजार दीप – ‘शुभ दिवाली, स्वच्छ दिवाली’ थीम पर कल होगा भव्य दीपोत्सव – कल्याणी वाटिका व गांधी पार्क में होगा भव्य आयोजन – शहरवासियों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

Spread the love

नगर निगम जलाएगा 51 हजार दीप

– ‘शुभ दिवाली, स्वच्छ दिवाली’ थीम पर कल होगा भव्य दीपोत्सव

– कल्याणी वाटिका व गांधी पार्क में होगा भव्य आयोजन

– शहरवासियों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

 

रूद्रपुर। दीपों के पर्व दीपावली को इस वर्ष नगर निगम यादगार और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए भव्य रूप में मनाने जा रहा है। ‘शुभ दिवाली, स्वच्छ दिवाली’ की थीम पर आधारित यह आयोजन शनिवार, 18 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 51 हजार दीप जलाकर शहरवासियों को स्वच्छता और रोशनी का संदेश दिया जाएगा। यह दीपोत्सव शहर के दो प्रमुख स्थानों कल्याणी वाटिका और गांधी पार्क में मनाया जाएगा।

 

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि आयोजन की शुरुआत शनिवार को शाम 3 बजे से कल्याणी नदी तट पर एक वृहद स्वच्छता अभियान से होगी। इसमें नगर निगम के कर्मचारियों के साथ-साथ शहर के पार्षद, सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ता और भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इस स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल आयोजन स्थलों की सफाई ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है।

 

इसके पश्चात शाम 6.00 बजे से कल्याणी वाटिका में दीपोत्सव की शुरुआत की जाएगी, जहां हजारों दीप जलाकर उजाले और उमंग का वातावरण बनाया जाएगा। इसके बाद शाम 7 बजे से गांधी पार्क में भी इसी प्रकार का दीपोत्सव आयोजित होगा। दोनों स्थानों पर मिलाकर कुल 51 हजार दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।

 

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि दीपावली सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण चेतना और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा इस वर्ष नगर निगम दीपावली को एक संदेश के साथ मनाना चाहता है कि रोशनी के इस पर्व को हम स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाएं।

 

महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे दीपोत्सव और स्वच्छता अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस प्रयास को सफल बनाएं। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि लोग अपने घरों व आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखें और दीपावली को सुरक्षित व पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाएं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *