विधायक तिलक राज बेहड़ की पहल रंग लाई, फुलसुंगा को मिली विकास की सौगात

Spread the love

फुलसुंगा को मिली बड़ी सौगात: ₹1.74 करोड़ से हेड रेगुलेटर व पुल का पुनर्निर्माण

आमजन, स्कूली बच्चों व व्यापारियों को मिलेगी राहत, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

बरसाती जलभराव से मिलेगी मुक्ति, 7 मीटर चौड़ा नया पुल बनेगा

 

किच्छा, किच्छा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रुद्रपुर वार्ड नंबर-1 स्थित फुलसुंगा (बैगुल नदी) के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। क्षेत्र के क्षतिग्रस्त हेड रेगुलेटर एवं पुल के पुनर्निर्माण के लिए राज्य सेक्टर पोषित बाँध/बैराज निर्माण एवं आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत ₹174.81 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रथम किस्त के रूप में ₹104.89 लाख की धनराशि भी जारी कर दी गई है।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि लंबे समय से जर्जर पड़े हेड रेगुलेटर और संकरे पुल के कारण बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती थी। डाम छोटा होने और पानी की पर्याप्त निकासी न होने से बारिश के समय पानी सड़क के ऊपर से बहने लगता था तथा आसपास के घरों में घुस जाता था। पुल की कम चौड़ाई के कारण यातायात बाधित रहता था और अक्सर जाम की स्थिति बनती थी।

उन्होंने बताया कि बरसाती मौसम में पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाता था, जिससे आमजन, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों ने कई बार विरोध भी जताया। विधायक ने स्वयं कई अवसरों पर मौके का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकें कर स्थायी समाधान की मांग की।

स्वीकृत योजना के तहत लगभग 7 मीटर चौड़ा नया पुल बनाया जाएगा तथा आधुनिक फाटक लगाए जाएंगे, जिससे पानी की निकासी वैज्ञानिक तरीके से हो सकेगी। आधुनिक डिजाइन के अनुसार निर्माण होने से भविष्य में डाम का पानी सड़कों या घरों में प्रवेश नहीं करेगा।

विधायक बेहड़ ने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद फुलसुंगा क्षेत्र के निवासियों को बरसात के समय बड़ी राहत मिलेगी, जलभराव की समस्या समाप्त होगी तथा आवागमन सुरक्षित और सुगम बनेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *