पंतनगर विश्वविद्यालय में ठेका कर्मियों के कार्यदिवस व विकास कार्यों पर बैठक
पार्कों के सौंदर्यकरण व मजदूर ब्लॉकों के विकास पर चर्चा
DAM ने विस्तृत समीक्षा कर समाधान का दिया आश्वासन
प्रबंधन परिषद सदस्य की मौजूदगी में विकास कार्यों पर महत्वपूर्ण
पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की प्रबंधन परिषद के सदस्य एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने विश्वविद्यालय के निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण (DAM) के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर ठेका कर्मियों के कार्य दिवस, पार्कों के सौंदर्यकरण तथा आवासीय मजदूर ब्लॉकों में विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में ठेका कर्मियों को प्रत्येक माह पूर्ण कार्य दिवस उपलब्ध कराने, नगर पालिका द्वारा बड़ी एवं छोटी मार्केट के पार्कों के सौंदर्यकरण हेतु एनओसी जारी करने तथा पंतनगर स्थित आवासीय मजदूर ब्लॉकों में विकास कार्यों की अनुमति दिए जाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
पूर्व विधायक श्री शुक्ला ने कहा कि कोविड काल के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत मजदूरों को हटाने के बजाय उनके कार्य दिवसों में कटौती की गई थी, जिसे बाद में पूर्ववत नहीं किया गया। इसके कारण कई श्रमिकों को परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ विभागों में मजदूरों को पूरे कार्य दिवस मिल रहे हैं, जबकि अन्य विभागों में यह व्यवस्था लागू नहीं है। उन्होंने सभी विभागों में समान रूप से पूर्ण कार्य दिवस सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण ने आश्वस्त किया कि सभी विभागों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर मामले की समीक्षा की जाएगी तथा शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में मंडल अध्यक्ष पिंकी डिमरी तथा नगला नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला भी उपस्थित रहे।







