मीडिया पुलिस और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु   –  अजय गणपति 

Spread the love

मीडिया पुलिस और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु   –  अजय गणपति

अपराधमुक्त समाज और पारदर्शी पुलिसिंग सर्वोच्च प्राथमिकता : एसएसपी अजय गणपति

फरियादियों की शिकायतों का संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश

नशा तस्करी के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

साइबर धोखाधड़ी रोकने को साइबर सेल होगा तकनीकी रूप से सशक्त

वैज्ञानिक ट्रैफिक प्रबंधन से यातायात व्यवस्था सुधारी जाएगी

रुद्रपुर, 17 फरवरी 2026। अजय गणपति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर ने पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित समन्वय गोष्ठी के उपरांत पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि अपराधमुक्त समाज और पारदर्शी पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करना भी है।

एसएसपी ने जनसुनवाई एवं पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात संवेदनशीलता से सुनी जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसी भी सूचना पर जनपद पुलिस द्वारा त्वरित रिस्पॉन्स और प्रभावी कार्रवाई करने के भी कड़े निर्देश जारी किए गए।

उन्होंने कहा कि पुलिस-जनता के बीच दूरी कम करना और न्याय का भरोसा दिलाना प्राथमिक लक्ष्य रहेगा। महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान को तेज करने की बात कहते हुए एसएसपी ने बताया कि केवल खुदरा विक्रेताओं ही नहीं, बल्कि मुख्य सप्लायरों और उनके नेटवर्क पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। बढ़ते डिजिटल धोखाधड़ी मामलों को देखते हुए साइबर सेल को आधुनिक तकनीकों से सशक्त बनाने की बात कही गई, ताकि पीड़ितों की धनराशि समय रहते सुरक्षित की जा सके।

यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए वैज्ञानिक और व्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन लागू करने की योजना पर भी उन्होंने जोर दिया। इसके अतिरिक्त असामाजिक तत्वों की पहचान हेतु जनपदभर में सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने मीडिया को पुलिस और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए मीडिया सेल को और अधिक सक्रिय बनाने तथा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से अपराध नियंत्रण में आम जनता की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *