हॉस्टल मे फंदे से लटकी मिली एमबीबीएस छात्रा 

Spread the love

हॉस्टल मे फंदे से लटकी मिली एमबीबीएस छात्रा

 

देहरादून  जौलीग्रांट स्थित एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जौलीग्रांट चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह सैनी के अनुसार, मृतक छात्रा (19 वर्ष) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। बीते दिन जब छात्रा काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आई और सहपाठियों द्वारा बुलाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका हुई। जब कमरे के भीतर देखा गया तो छात्रा फंदे से लटकी हुई मिली। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सीओ सदर विवेक कुटियाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच और अन्य छात्रा-छात्राओं से की गई पूछताछ में यह बात सामने आई है कि संभवतः किसी छात्रा के साथ हुए विवाद के चलते छात्रा मानसिक तनाव में थी और इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को मुजफ्फरनगर सूचित कर दिया है, जिनके देहरादून पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहनता से जांच की जा रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और यूनिवर्सिटी परिसर में शोक का माहौल है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *