महापौर के प्रयास सफल, फुलसूंगा क्षेत्र में सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था

Spread the love

महापौर के प्रयास रंग लाए, तीनपानी डेम पुनर्निर्माण को 1.74 करोड़ स्वीकृत

वार्ड एक के हजारों लोगों को जलभराव से मिलेगी राहत

तीनपानी डेम पर बनेगा नया पुल, सड़क चौड़ीकरण से यातायात होगा सुगम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकृति से रुद्रपुर में विकास कार्य

 

रुद्रपुर। शहर के नियोजित विकास और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए तीनपानी डेम के पुनर्निर्माण के लिए शासन ने 1 करोड़ 74 लाख 81 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 1 करोड़ 4 लाख 89 हजार रुपये की प्रथम किश्त भी जारी कर दी गई है। यह स्वीकृति महापौर विकास शर्मा के प्रयासों का परिणाम बताई जा रही है।

महापौर ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

फुलसूंगा स्थित वार्ड संख्या एक में तीनपानी डेम पर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण बरसात के दौरान पानी ओवरफ्लो होकर आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। डेम के पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

बीते मानसून के दौरान महापौर विकास शर्मा ने खटीमा में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री द्वारा जिलाधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। जिला प्रशासन से प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद शासन ने राज्य सेक्टर पोषित बांध-बैराज निर्माण एवं आधुनिकीकरण मद के अंतर्गत धनराशि स्वीकृत कर सिंचाई विभाग को जारी कर दी।

महापौर ने बताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद वार्ड एक की हजारों की आबादी को जलभराव से राहत मिलेगी। स्वीकृत धनराशि से तीनपानी डेम पर नया पुल बनाया जाएगा, डेम का चैनलाइजेशन किया जाएगा तथा सड़क की चौड़ाई लगभग साढ़े सात मीटर कर दी जाएगी। इससे जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ क्षेत्र में वर्षों पुरानी यातायात समस्या का भी समाधान हो सकेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *