न्यायालय परिसरों में सघन चेकिंग अभियान, एसएसपी अजय गणपति ने रुद्रपुर में संभाली कमान
अजय गणपति के निर्देशन में जनपद की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को सभी न्यायालय परिसरों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी स्वयं रुद्रपुर न्यायालय परिसर में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सर्च ऑपरेशन का नेतृत्व किया।
संयुक्त सर्च अभियान के तहत बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) एवं डॉग स्क्वाड की टीमों ने न्यायालय परिसर के प्रत्येक कोने की गहन तलाशी ली। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन चेकिंग व फ्रिस्किंग की गई तथा आने-जाने वाले वाहनों की भी नियमित जांच सुनिश्चित की गई।
एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान न्यायालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया गया।







