22 साल बाद पूरी हुई आवास की मांग, महापौर विकास शर्मा का हुआ जोरदार अभिनंदन

Spread the love

22 साल पुरानी मांग पूरी होने पर महापौर का अभिनंदन

आवास निर्माण की घोषणा पर सफाई कर्मचारी संघ ने जताया आभार

सीएम धामी की घोषणा से खिले पर्यावरण मित्रों के चेहरे, सफाई कर्मचारी संघ ने जताया आभार

एक साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में उठी आवाज बनी हकीकत, आवास निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी

 

रुद्रपुर। नगर निगम के पर्यावरण मित्रों की दो दशक पुरानी आवास की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महापौर विकास शर्मा के प्रस्ताव पर सार्वजनिक रूप से आवास निर्माण की घोषणा किए जाने के बाद पर्यावरण मित्रों में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में ‘देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ’ के बैनर तले पर्यावरण मित्रों ने महापौर विकास शर्मा का जोरदार अभिनंदन करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महापौर ने कर्मचारियों को ट्रैक सूट भी वितरित किए।

बताया गया कि शहर के पर्यावरण मित्र पिछले लगभग 20–22 वर्षों से सरकारी आवास की मांग कर रहे थे। पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद यह मांग लंबित रही। हाल ही में नगर निगम द्वारा खेड़ा क्षेत्र में धार्मिक स्थल की आड़ में कब्जाई गई आठ एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। महापौर विकास शर्मा ने इसी भूमि में से एक एकड़ जमीन पर्यावरण मित्रों के आवास हेतु आरक्षित करने का वादा किया था।

बीते दिनों गांधी पार्क में आयोजित ‘एक साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के दौरान महापौर ने इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने मंच से अवगत कराया कि पर्यावरण मित्र लंबे समय से आवास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। महापौर के आग्रह को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने आवास निर्माण की सार्वजनिक घोषणा की, जिससे वाल्मीकि समाज एवं सफाई कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

नगर निगम परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री धामी एवं महापौर के समर्थन में नारे लगाए। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि जो कार्य पिछले 22 वर्षों में नहीं हो सका, उसे महापौर ने एक वर्ष के कार्यकाल में संभव कर दिखाया है। यह घोषणा पर्यावरण मित्रों के संघर्ष और सम्मान का प्रतीक है।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने पर्यावरण मित्रों को “नगर निगम के असली हीरो” बताते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है। उनके प्रयासों से नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में चार बड़े पुरस्कार प्राप्त हुए हैं तथा प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवास निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराई जाएगी और अपने कार्यकाल में ही इन आवासों को पर्यावरण मित्रों को समर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार, संदीप आजाद, लक्ष्मण चौहान, मुकेश राजौरिया, रंजीत कुमार, अशोक राजपाल, मुकेश सिंह, राजपाल सिंह, विनोद सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *