भाजपा युवा मोर्च के प्रदेश मंत्री बनने पर कार्तिक का भव्य स्वागत 

Spread the love

भाजपा युवा मोर्च के प्रदेश मंत्री बनने पर कार्तिक का भव्य स्वागत

 

हल्द्वानी। भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री नियुक्त होने के उपरांत श्री कार्तिक हर्बोला का गुरुवार, 23 जनवरी 2026 को कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य आशीर्वाद समारोह आयोजित कर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एच.एन. इंटर कॉलेज हल्द्वानी से निकाली गई वाहन रैली से हुई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई गणपति बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई।

 

वाहन रैली और समारोह के दौरान युवा कार्यकर्ताओं व पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पमालाएं पहनाकर तथा आतिशबाजी कर श्री हर्बोला का स्वागत किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में युवाओं की उपस्थिति और उत्साह देखने को मिला।

 

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री कार्तिक हर्बोला ने सभी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के युवा साथियों में जोश, विश्वास और संगठन के प्रति समर्पण है। सभी युवा कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और वर्ष 2027 में पुनः भाजपा को प्रदेश की सत्ता में लाने का कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया।

 

जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि कार्तिक हर्बोला के नेतृत्व में जिला प्रदेश स्तर पर अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश मंत्री रहते हुए कार्तिक हर्बोला प्रदेश को उन्नति की ओर अग्रसर करेंगे और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाएंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान कार्तिक हर्बोला ने भाजपा के उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया, जिन्होंने पार्टी को वर्तमान मुकाम तक पहुंचाने में अपना जीवन समर्पित किया। इनमें राम अवतार राजौर, सुंदर लाल मौर्य, मनोहर लाल मिश्रा और सुधांशु श्रोतिय शामिल रहे। उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया गया।

 

आशीर्वाद समारोह में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट, नगर निगम अध्यक्ष गजराज बिष्ट, मंडी समिति अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री प्रकाश हर्बोला, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, जिला महामंत्री रंजन बरगली, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, प्रदीप जनोटी, मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका, योगेंद्र भट्ट सहित अनेक वरिष्ठ, युवा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *