सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य समापन, स्वयंसेवकों ने दिखाई सामाजिक प्रतिबद्धता
रुद्रपुर, 19 मार्च 2026। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की तीनों इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, जहांगीरपुर (गदरपुर) में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक समापन हुआ।
समापन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दिलशाद हुसैन मुख्य अतिथि, श्री सतीश घीक विशिष्ट अतिथि तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्ता पर प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि श्री सतीश घीक ने कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। ग्राम प्रधान दिलशाद हुसैन ने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं प्रो. सर्वजीत सिंह ने कहा कि देश के विकास में युवा शक्ति की अहम भूमिका है। प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि ऐसे शिविरों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिलता है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चंद्रपाल ने शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा उन्मूलन, साक्षरता, मोबाइल के सही उपयोग, स्वास्थ्य जागरूकता, जल संरक्षण, नारी सशक्तिकरण सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए। इन गतिविधियों को 32 स्वयंसेवकों ने अनुशासन और समर्पण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक के रूप में गोविंद और सुनील तथा सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेविका के रूप में मानसी पांडे और सरिता को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. इंदु शेखर ममगाई, डॉ. मनोज पांडे, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिल्पी अग्रवाल, डॉ. श्रृंखला जोशी, दक्ष कालड़ा, कैलाश चौधरी, श्याम, प्रदीप कुमार, प्रेम विश्वास, दिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







