उत्तराखंड पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म व अनैतिक व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
एसएसपी Ajay Ganpati की अगुवाई में आईटीआई पुलिस की बड़ी सफलता
Ajay Ganpati बोले– महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म एवं जबरन अनैतिक देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मई 2025 से लापता चल रही नाबालिग पीड़िता को अभियुक्तों के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि मई 2025 से लापता एक नाबालिग को हरियावाला क्षेत्र में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई ने टीम गठित कर तत्काल हरियावाला स्थित एक मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नाबालिग पीड़िता को मौके से मुक्त कराया गया तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नाबालिग को लंबे समय से बंधक बनाकर रखा था और उससे जबरन अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था। साथ ही पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की भी पुष्टि हुई है।
इस संबंध में पुलिस ने एफआईआर संख्या 63/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 140(3), 143(1), 127(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं 5/6 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जाहिद, शिवम, शोभा एवं सोमा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं तथा कहा है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर जनपद पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।







